SBP विद्या मंदिर मोहाई,बहोरीबंद में 11वां वार्षिकोत्सव समारोह हर्षोल्लास से सम्पन्न।

 SBP विद्या मंदिर मोहाई,बहोरीबंद में 11वां वार्षिकोत्सव समारोह हर्षोल्लास से सम्पन्न।

रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच शिक्षा,संस्कार और सामाजिक समरसता का दिया गया संदेश।

बहोरीबंद,ग्रामीण खबर MP। 

SBP विद्या मंदिर मोहाई, बहोरीबंद में विद्यालय का 11वां वार्षिकोत्सव समारोह अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमामय वातावरण में भव्य रूप से आयोजित किया गया। पूरे विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे आयोजन स्थल पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं क्षेत्रीय नागरिकों में विशेष उत्साह नजर आया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात माँ सरस्वती की वंदना प्रस्तुत की गई, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। समारोह की अध्यक्षता ओबीसी महासभा के प्रदेशाध्यक्ष श्री राकेश सिंह लोधी ने की, जिन्होंने अपने उद्बोधन में विद्यालय के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक प्रयासों की सराहना की।

वार्षिकोत्सव को रचनात्मक, प्रभावी एवं सफल स्वरूप प्रदान करने में विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष अनिता पटेल, विद्यालय के संचालक डॉ. नारायण पटेल तथा प्राचार्य विनोद कुमार विश्वकर्मा का मार्गदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा। इनके कुशल नेतृत्व एवं योजनाबद्ध तैयारी के कारण कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं अनुशासित रूप से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत की गई रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ समारोह का मुख्य आकर्षण रहीं। विद्यार्थियों ने आकर्षक नृत्य, देशभक्ति गीत, समूह गान तथा शिक्षाप्रद नाटकों के माध्यम से शिक्षा का महत्व, राष्ट्रप्रेम, सामाजिक समरसता एवं नैतिक मूल्यों का सशक्त संदेश दिया। विशेष रूप से देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने दर्शकों में उत्साह का संचार किया।

नन्हे-मुन्ने बच्चों की मासूम और मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। उनकी कला, आत्मविश्वास और मंच पर प्रस्तुति देख अभिभावक भावविभोर नजर आए। दर्शकों ने बच्चों की प्रस्तुतियों को तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खूब सराहा।

इन सभी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को तैयार कराने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं रागनी, रश्मि, आराध्या, रुचि, विकास यादव, साक्षी सहित समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। शिक्षकों की मेहनत, समर्पण एवं मार्गदर्शन के कारण विद्यार्थियों की प्रतिभा मंच पर निखरकर सामने आई।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्षा सुनीता मेहरा, जनपद पंचायत अध्यक्ष लाल कमल बंसल, जिला पंचायत सदस्य अजय गोटियां, चंदन सिंह, डॉ. मंसूरी,नफीश खान,विनोद पाटकर,गुमान सिंह, रजनी पटेल,साफिया मंसूरी,अनिल यादव सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यालय द्वारा शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों के विकास हेतु किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।

कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन कमल सिंह द्वारा किया गया, जिन्होंने मंच संचालन के माध्यम से पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित बनाए रखा। आयोजन को सफल बनाने 

मैं देवेंद्र पटेल एवं काजल विश्वकर्मा का विशेष सहयोग उल्लेखनीय रहा।

समारोह के अंत में विद्यालय के प्राचार्य विनोद कुमार विश्वकर्मा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय निरंतर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम का समापन उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा के साथ हुआ।

ग्रामीण खबर MP-

जनमानस की निष्पक्ष आवाज

प्रधान संपादक:अज्जू सोनी।

संपर्क:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post