छात्रावास अधीक्षक संघ के निर्वाचन में अखिलेश मेहरा बने जिलाध्यक्ष,पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
सर्वसम्मति से हुआ जिला व तहसील कार्यकारिणी का गठन,सादे समारोह में अतिथियों की मौजूदगी में संपन्न हुआ कार्यक्रम।
कटनी,ग्रामीण खबर MP।
जिले के छात्रावास अधीक्षक संघ का बहुप्रतीक्षित निर्वाचन लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। संघ के जिलाध्यक्ष पद पर अखिलेश मेहरा को पूर्ण बहुमत से निर्वाचित किया गया। निर्वाचन प्रक्रिया में जिले भर के छात्रावास अधीक्षकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और सर्वसम्मति से संगठन को मजबूत नेतृत्व सौंपने का निर्णय लिया।
निर्वाचन के दौरान संजय कुशवाहा द्वारा अखिलेश मेहरा के नाम का प्रस्ताव रखा गया, जिसका समर्थन शिवराज चौधरी ने किया। उपस्थित सभी अधीक्षकों ने प्रस्ताव का समर्थन करते हुए अखिलेश मेहरा को सर्वसम्मति से जिलाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया। इसके पश्चात जिला कमेटी के मंथन एवं सामूहिक सहमति से जिला एवं तहसील कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसकी सूची बैठक में प्रस्तुत की गई।
परीक्षाओं को दृष्टिगत रखते हुए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सादे समारोह में बिना किसी शोर-शराबे के पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। कार्यक्रम में अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के संस्थापक सरमन तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि प्रांतीय प्रवक्ता कुवर मार्तंड सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम का संचालन सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधीक्षक कुंज बिहारी परोहा ने किया। समारोह की शुरुआत विद्या की देवी मां सरस्वती के तैल चित्र पर माल्यार्पण एवं विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने मां सरस्वती का आशीर्वाद लेकर संगठन की मजबूती और सफलता की कामना की।
कार्यक्रम में प्रमुख वक्ताओं ने संघ की एकजुटता और संगठनात्मक सशक्तिकरण पर बल दिया। जिला उपाध्यक्ष सुभाष झरिया, जिला सचिव शिवराज चौधरी, कोषाध्यक्ष संजय कुशवाहा एवं रतन सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि संघ के हितों की रक्षा के लिए वे तन, मन और धन से कार्य करेंगे। मुख्य अतिथि सरमन तिवारी एवं विशिष्ट अतिथि कुवर मार्तंड सिंह ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाते हुए शुभकामनाएं दीं और संगठन के साथ हर परिस्थिति में खड़े रहने का आश्वासन दिया।
नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष अखिलेश मेहरा ने अपने संबोधन में सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है, उस पर खरा उतरने का वे हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने संगठन की एकता, पारदर्शिता और कर्मचारियों के हितों की रक्षा को अपनी प्राथमिकता बताया।
इस अवसर पर सुभाष झरिया, शिवराज चौधरी, सुधा पिल्लई, संजय कुशवाहा, धर्मेंद्र अटल, जयेंद्र सिंह, प्रदीप सिंह ठाकुर, चेतन कुमार, राज चौधरी, महेंद्र कौरेती, कुमारी जाग्रति लिल्हारे, साधना त्रिपाठी, डॉ. अजय चौधरी, अखिलेश काछी, हेमलता बैरागी सहित बड़ी संख्या में छात्रावास अधीक्षक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
तहसील ढीमरखेड़ा में भी संगठनात्मक प्रक्रिया के तहत रामकृष्ण लोधी को छात्रावास अधीक्षक संघ का तहसील अध्यक्ष निर्वाचित किया गया।
संगठन संरचना में बड़ी संख्या में छात्रावास अधीक्षकों की भागीदारी ने यह स्पष्ट किया कि संघ अपने अधिकारों और दायित्वों के प्रति सजग है। निर्वाचन एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम ने संगठन की एकजुटता, अनुशासन और लोकतांत्रिक परंपराओं को सुदृढ़ करने का संदेश दिया।





