विराट हिंदू सम्मेलन से समाज में एकता,प्रेम और भाईचारे का संदेश।
संतों के सानिध्य,विचार और मार्गदर्शन से जागृत हुई सामाजिक समरसता व राष्ट्रचेतना।
सिलौंडी,ग्रामीण खबर MP।
सिलौंडी के बालक हायर सेकेंडरी स्कूल खेल मैदान में विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समाजसेवी, मातृशक्ति, युवा एवं प्रबुद्ध नागरिकों की उपस्थिति रही। आयोजन का उद्देश्य समाज में आपसी सौहार्द, एकता, प्रेम, भाईचारे तथा सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करना रहा।
सम्मेलन में क्षेत्र के परम पूज्य श्री श्री 1008 बनवारी दास गोविंद सरकार जी भरभरा वाले महाराज का पावन सानिध्य प्राप्त हुआ। संत श्री के आशीर्वचनों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। उन्होंने अपने प्रवचन में समाज को जोड़ने, आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के प्रति प्रेम, स्नेह और सम्मान की भावना विकसित करने का संदेश दिया। संत श्री ने कहा कि सामाजिक एकता ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है और इसके माध्यम से ही समरस एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम के दौरान धार्मिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत अनेक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं, जिन्होंने जनमानस को प्रेरित किया। सम्मेलन के मुख्य वक्ता तुलाराम, प्रांत संगठन मंत्री किसान संघ ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में हिंदू एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग को एक सूत्र में पिरोकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उनके विचारों ने उपस्थित श्रोताओं में नई ऊर्जा, प्रेरणा और चेतना का संचार किया।
मातृशक्ति की ओर से ब्रह्माकुमारी बहन पूजा जी ने अपने विचारों के माध्यम से भाई-बहनों को आत्मचिंतन, सकारात्मक सोच और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आंतरिक शांति, आत्मबल और नैतिक मूल्यों के माध्यम से ही समाज और राष्ट्र को सशक्त बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कमलेश राय, सेवानिवृत्त फौजी ने अपने अनुभव साझा करते हुए अनुशासन, सेवा भावना और राष्ट्रप्रेम के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं को राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए समाज के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संदेश दिया।
हिंदू सम्मेलन मंडल सिलौंडी के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में संयोजक गणेश राय एवं सह संयोजक मोती हल्दकार, डॉ. प्रशांत राय, इंद्रकुमार यादव की सक्रिय भूमिका रही। साथ ही मंडल अध्यक्ष मनीष बागरी, जिला पंचायत सदस्य कविता पंकज राय, सुरेश राय, किशन राय, कैलाश चंद्र जैन, अनिल पांडे, विपिन राजपूत एवं सौरभ दुबे सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मंच व्यवस्था की जिम्मेदारी बज्रेश कुमार द्वारा कुशलतापूर्वक निभाई गई। समस्त ग्रामवासियों के सहयोग, सहभागिता और उत्साह से यह विराट हिंदू सम्मेलन अत्यंत भव्य, अनुशासित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन ने समाज में एकता, भाईचारा और सामाजिक समरसता को और अधिक मजबूत करने का संदेश दिया।
ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी। संपर्क:9977110734
