सब्जी उत्पादन एवं नर्सरी प्रबंधन प्रशिक्षण की परीक्षा संपन्न।
35 स्वसहायता समूह सदस्यों ने दी लिखित,मौखिक व प्रैक्टिकल परीक्षा,स्वरोजगार की दिशा में बढ़ाया कदम।
दमोह,ग्रामीण खबर MP।
भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, दमोह में मध्य प्रदेश शासन ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से आयोजित 12 दिवसीय सब्जी उत्पादन एवं नर्सरी प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम की परीक्षा संपन्न हुई। जिले के विभिन्न जनपदों से आए 35 स्वसहायता समूह की महिलाओं एवं पुरुषों ने प्रशिक्षण प्राप्त कर लिखित, मौखिक एवं प्रायोगिक परीक्षा में भाग लिया।
संस्थान की संचालक स्वाति भोला के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को आत्मनिर्भर एवं स्वरोजगार उन्मुख बनाने के उद्देश्य से प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में सब्जी उत्पादन की उन्नत तकनीकों, नर्सरी प्रबंधन, विभिन्न सब्जियों के बीज एवं किस्मों की जानकारी, कृषि कार्य पद्धति, रोग एवं कीट नियंत्रण, पोषक तत्व प्रबंधन, मिट्टी परीक्षण, जैविक खाद एवं जैविक कीटनाशकों के उपयोग, प्लास्टिक मल्चिंग, सिंचाई प्रबंधन, ड्रिप सिंचाई एवं पाली हाउस तकनीक जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त सब्जी उत्पादन से होने वाले लाभ, सब्जियों के प्रकार, पोषण वाटिका की स्थापना, उद्यमशील व्यक्तियों की विशेषताएं तथा बैंकिंग संबंधी जानकारी भी प्रतिभागियों को प्रदान की गई। प्रशिक्षण एच.एल. तिवारी द्वारा दिया गया।
परीक्षा का संचालन ओम प्रकाश चतुर्वेदी, परीक्षा नियंत्रक एवं प्रमाणीकरण रूडसेटी, भारत सरकार शाखा भोपाल के मार्गदर्शन में किया गया। सब्जी उत्पादन एवं नर्सरी विषय की परीक्षा परीक्षक रामसुख दुबे, कटनी तथा बैंकिंग विषय की परीक्षा प्रदीप कुमार नामदेव, दमोह द्वारा संपन्न कराई गई।
एक दिवस पूर्व संस्थान में संचालित मशरूम प्रशिक्षण कार्यक्रम की भी परीक्षा आयोजित की गई। इसके पूर्व श्री दुबे द्वारा शहडोल जिले के जनपद गोहपारू एवं जनपद जयसिंहनगर में कृषि उद्यमी प्रशिक्षण की लिखित, मौखिक एवं प्रायोगिक परीक्षा भी संपन्न कराई गई थी।
परीक्षा संपन्न कराने में संस्था के कर्मचारी सुधीर नामदेव, देवेंद्र सोनी, राजेंद्र चौरसिया एवं अशोक सोनी सहित अन्य कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा। प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों में आत्मविश्वास का संचार हुआ है तथा स्वरोजगार की दिशा में उन्हें नई संभावनाएं प्राप्त हुई हैं।
ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी। संपर्क:9977110734
