बेलगाम हाइवा का कहर: बाइक सवार दो युवकों की मौके पर दर्दनाक मौत।

 बेलगाम हाइवा का कहर: बाइक सवार दो युवकों की मौके पर दर्दनाक मौत।

हादसे के बाद फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, चालक की पिटाई और डायल 112 पर पथराव; देर रात तक छावनी में तब्दील रहा क्षेत्र।

स्लिमनाबाद,ग्रामीण खबर MP।

स्लिमनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत बँधी रेलवे फाटक के समीप गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार और कथित रूप से लापरवाही से चलाए जा रहे एक हाइवा वाहन ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर एकत्र हो गए और घटना को लेकर आक्रोश भड़क उठा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाइवा क्रमांक पीबी 10 एचएन 2438 रेलवे फाटक की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही मोटरसाइकिल को उसने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और आसपास खून के धब्बे फैल गए।

मृतकों की पहचान धरवारा गांव निवासी राजेंद्र कोल (30 वर्ष) और राजा भैया कोल (30 वर्ष) के रूप में की गई है। दोनों युवक आपस में परिचित बताए जा रहे हैं और किसी निजी कार्य से बाहर गए थे। जैसे ही हादसे की खबर गांव और आसपास के क्षेत्रों में पहुंची, परिजन बदहवास हालत में घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, वहीं ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस वाहन मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक स्थिति तनावपूर्ण हो चुकी थी। गुस्साए ग्रामीणों ने हाइवा चालक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। कुछ लोगों ने पुलिस पर भी नाराजगी जताते हुए पथराव शुरू कर दिया। पथराव में डायल 112 वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार पुलिस कर्मियों को भी चोटें आईं। हंगामे के दौरान भगदड़ की स्थिति बन गई। बताया जाता है कि अफरा-तफरी में पुलिस वाहन रेलवे फाटक से टकरा गया, जिससे वह भी क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। स्लिमनाबाद थाना प्रभारी सुदेश सुमन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को संभालने का प्रयास किया। बढ़ते तनाव को देखते हुए एसडीओपी स्लिमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी तथा माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे भी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें शांत कराने की कोशिश की और आश्वासन दिया कि दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

करीब कई घंटों की मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। देर रात तक क्षेत्र में तनाव बना रहा, जिसके मद्देनजर एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात रखा गया। अधिकारियों द्वारा लगातार लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की जाती रही।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि रेलवे फाटक और आसपास के मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई है। क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि इस मार्ग पर ट्रैफिक नियंत्रण और निगरानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि रेलवे फाटक के पास स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक और नियमित पुलिस गश्त की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग इस घटना को लेकर गहरे आक्रोश और पीड़ा में हैं। प्रशासन ने मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है तथा कहा है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और हाइवा चालक की भूमिका सहित दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।

ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी। संपर्क:9977110734



Post a Comment

Previous Post Next Post