प्रतिभा और परिश्रम की मिसाल-डॉ स्वाति टोपनानी ने एमडीएस में प्रदेश में पाया द्वितीय स्थान।
कंजरवेटिव डेंटिस्ट्री एंड इंडोडोंटिक्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन,परिवार और कटनी जिले का बढ़ाया मान।
कटनी,ग्रामीण खबर MP।
दृढ़ संकल्प, सतत परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण से सफलता की नई इबारत लिखते हुए डॉ स्वाति टोपनानी ने एमडीएस की डिग्री प्राप्त कर प्रदेश में द्वितीय स्थान हासिल किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे समाज और कटनी जिले को गौरवान्वित किया है।
डॉ स्वाति टोपनानी, भारतीय जनता पार्टी के पूर्व अध्यक्ष एवं कटनी विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष पीताम्बर टोपनानी की सुपुत्री हैं। उन्होंने College of Dental Sciences Rau से एमडीएस की उपाधि प्राप्त की। कंजरवेटिव डेंटिस्ट्री एंड इंडोडोंटिक्स विभाग में उन्होंने प्रदेश में द्वितीय स्थान अर्जित कर अपनी मेधा का उत्कृष्ट परिचय दिया। साथ ही मध्य प्रदेश मेडिकल साइंस यूनिवर्सिटी में भी उन्होंने प्रदेश स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर दोहरी सफलता दर्ज की।
इससे पूर्व डॉ स्वाति ने हितकारिणी डेंटल कॉलेज और हॉस्पिटल से बीडीएस की डिग्री हासिल की थी। प्रारंभ से ही मेधावी रहीं स्वाति ने शिक्षा के प्रत्येक चरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपने लक्ष्य की ओर निरंतर कदम बढ़ाए।
उनकी इस उपलब्धि पर वी. डी. शर्मा एवं भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी ने उनके निवास पहुंचकर सम्मान किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वहीं कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर में उन्हें मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। जनप्रतिनिधियों एवं समाजजनों ने इसे कटनी जिले के लिए गौरव का क्षण बताया।
अपनी सफलता का श्रेय डॉ स्वाति ने सर्वप्रथम ईश्वर की कृपा को देते हुए माता-पिता, भाई, गुरुजनों, मित्रों और रिश्तेदारों के मार्गदर्शन एवं सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत, सकारात्मक सोच और परिवार के समर्थन से ही यह मुकाम हासिल किया जा सका है।
डॉ स्वाति टोपनानी की यह उपलब्धि जिले की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास ईमानदार हों, तो किसी भी ऊंचाई को प्राप्त किया जा सकता है। कटनी की इस होनहार बेटी ने अपने परिश्रम से यह सिद्ध कर दिया है कि प्रतिभा अवसरों की मोहताज नहीं होती, बल्कि समर्पण और संघर्ष से स्वयं अपना मार्ग बनाती है।
ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी। संपर्क:9977110734
