आधुनिक खेती की ओर बढ़ते कदम,लालपुर में कृषि रथ कार्यक्रम से किसानों को मिली नई दिशा।

 आधुनिक खेती की ओर बढ़ते कदम,लालपुर में कृषि रथ कार्यक्रम से किसानों को मिली नई दिशा।

मिट्टी परीक्षण,नरवाई प्रबंधन और जैविक खेती पर विशेषज्ञों ने दी जानकारी,इंडो अमेफिन धनिया का आकर्षक प्रदर्शन बना प्रेरणा का केंद्र।

सिलौंडी,ग्रामीण खबर MP।

ग्राम पंचायत लालपुर में कृषि कल्याण वर्ष के अंतर्गत कृषि विभाग द्वारा कृषि रथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती की तकनीकों से अवगत कराना तथा कृषि उत्पादन में वृद्धि के लिए व्यवहारिक मार्गदर्शन प्रदान करना रहा।

कार्यक्रम में किसानों को मिट्टी परीक्षण की आवश्यकता और उसके लाभों के बारे में विस्तार से बताया गया। विशेषज्ञों ने समझाया कि नियमित रूप से मिट्टी की जांच कर फसलों के लिए आवश्यक पोषक तत्वों की सही मात्रा निर्धारित की जा सकती है, जिससे लागत में कमी और उत्पादन में वृद्धि संभव है। साथ ही नरवाई प्रबंधन के आधुनिक तरीकों पर प्रकाश डालते हुए किसानों को पराली जलाने से होने वाले नुकसान और वैकल्पिक उपयोगों की जानकारी दी गई।

बीज चयन, उन्नत किस्मों के उपयोग तथा जैविक खेती की पद्धतियों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। किसानों को रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग तथा जैविक खाद, गोबर खाद और अन्य प्राकृतिक संसाधनों के माध्यम से मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के उपाय बताए गए।

कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिक डॉ. एस.के. तोमर, सहायक संचालक उर्मिला धुर्वे, सरपंच मीना मोहन सिंह बागरी, जनपद पंचायत सदस्य निरंजन खटीक, सचिव मथुरा प्रसाद तिवारी, रोजगार सहायक शैलेंद्र बागरी, पूर्व किसान मित्र हरेंद्र सिंह बागरी, वरिष्ठ कृषि अधिकारी आर.एस. श्याम, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी अश्वनी पटेल तथा निशा सोलंकी की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रगतिशील किसान हरेंद्र सिंह बागरी द्वारा बोई गई इंडो अमेफिन धनिया की फसल का प्रदर्शन रहा। लगभग 5 फीट ऊंचाई और 8 से 10 किलो तक के वजन वाली धनिया फसल ने उपस्थित किसानों का ध्यान आकर्षित किया। इस सफल प्रयोग को देखकर अन्य किसानों में भी उन्नत तकनीक अपनाने के प्रति उत्साह देखा गया।

कार्यक्रम के अंत में किसानों ने आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने का संकल्प लिया। कृषि रथ कार्यक्रम ने ग्रामीण क्षेत्र में खेती को लाभकारी और वैज्ञानिक दिशा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित की।

ग्रामीण खबर MP-

जनमानस की निष्पक्ष आवाज

प्रधान संपादक:अज्जू सोनी। संपर्क:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post