बड़वारा विधानसभा को बजट में ऐतिहासिक सौगात,9 मार्गों के लिए 183 करोड़ से अधिक की स्वीकृति।

 बड़वारा विधानसभा को बजट में ऐतिहासिक सौगात,9 मार्गों के लिए 183 करोड़ से अधिक की स्वीकृति।

विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह के सतत प्रयासों को मिली सफलता,ठाकुर योगेंद्र सिंह क्षत्रिय बोले-सड़क क्रांति से बदलेगा ग्रामीण अंचल का भविष्य।

ढीमरखेड़ा,ग्रामीण खबर MP।

वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रदेश बजट में बड़वारा विधानसभा क्षेत्र को विकास की दृष्टि से एक ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त हुई है। क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह के अथक प्रयासों, निरंतर संवाद और शासन स्तर पर की गई सक्रिय पहल का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। विधानसभा क्षेत्र के 9 महत्वपूर्ण मार्गों के निर्माण एवं उन्नयन के लिए लगभग 183 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। यह स्वीकृति न केवल बड़वारा विधानसभा बल्कि संपूर्ण ग्रामीण अंचल के लिए विकास के नए युग की शुरुआत मानी जा रही है।

इनमें पिपरौंध-देवरी हटाई-बड़वारा-बसाड़ी-कैमोर मार्ग के लिए 160 करोड़ रुपये की बड़ी राशि का प्रावधान किया गया है। 74.40 किलोमीटर लंबा यह मार्ग क्षेत्र की जीवनरेखा माना जाता है। लंबे समय से इस सड़क के उन्नयन की मांग की जा रही थी। बजट में इसकी स्वीकृति को लेकर क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए ठाकुर योगेंद्र सिंह क्षत्रिय ने बताया कि विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए सड़कों के निर्माण को विकास की आधारशिला माना और लगातार शासन-प्रशासन से संवाद बनाए रखा। ठाकुर योगेंद्र सिंह ने कहा कि विधायक के दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयासों के कारण ही इतनी बड़ी राशि का प्रावधान संभव हो सका है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खराब सड़कों के कारण किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। विद्यार्थियों को स्कूल और कॉलेज तक पहुंचने में समय और जोखिम दोनों उठाने पड़ते थे। मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी बाधाएं आती थीं। अब इन मार्गों के सुदृढ़ निर्माण से आवागमन सुगम होगा और समय की बचत के साथ सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।

स्वीकृत अन्य मार्गों में भमका-रोझन मार्ग के लिए 2.25 करोड़ रुपये, झिन्ना पिपरिया-कटरा मार्ग के लिए 3.50 करोड़ रुपये, करही-नैगवा मार्ग के लिए 2.00 करोड़ रुपये, देवरी-केवलारी मार्ग के लिए 1.20 करोड़ रुपये, सरस्वाही-सुरखी मार्ग के लिए 1.50 करोड़ रुपये, पडरभटा-संसारपुर मार्ग के लिए 1.00 करोड़ रुपये, गोपालपुर-सगवा-अतरसूमा-सिलौडी मार्ग के लिए 5.40 करोड़ रुपये तथा दसरमन-सुनतरा मार्ग के लिए 4.61 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।

ठाकुर योगेंद्र सिंह क्षत्रिय ने कहा कि इन मार्गों का निर्माण केवल सड़कों का निर्माण नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र की आर्थिक धड़कन कोH गति देने वाला कदम है। बेहतर संपर्क मार्ग बनने से छोटे व्यापारियों को नए बाजार मिलेंगे, कृषि उत्पादों की ढुलाई में सुविधा होगी और ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सड़कें विकास की रीढ़ होती हैं, और जब सड़कें मजबूत होती हैं तो शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और सामाजिक समरसता सभी को नई ऊर्जा मिलती है।

विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह द्वारा लगातार विधानसभा में क्षेत्र की समस्याओं को उठाया गया। शासन स्तर पर प्रस्तावों की स्वीकृति के लिए गंभीर प्रयास किए गए। ठाकुर योगेंद्र सिंह ने कहा कि यह स्वीकृति बताती है कि जनप्रतिनिधि यदि दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ कार्य करें तो क्षेत्र के विकास में कोई बाधा नहीं रह जाती।

ग्रामीण अंचलों में इस घोषणा के बाद प्रसन्नता का माहौल है। किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने इसे विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया है। लोगों का मानना है कि इन मार्गों के निर्माण से गांव-गांव तक विकास की किरण पहुंचेगी और बड़वारा विधानसभा नई पहचान बनाएगी।

ठाकुर योगेंद्र सिंह क्षत्रिय ने आगे कहा कि यह तो विकास यात्रा की शुरुआत है। आने वाले समय में पेयजल, सिंचाई, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण योजनाएं लाने के लिए प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में बड़वारा विधानसभा निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहेगी।

विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण अंचलों के विकास को प्राथमिकता देना दूरदर्शी सोच का परिचायक है।

बजट में मिली इस ऐतिहासिक स्वीकृति ने बड़वारा विधानसभा के विकास को नई गति देने का मार्ग प्रशस्त कर दिया है। आने वाले समय में जब ये सड़कें धरातल पर आकार लेंगी, तब निश्चित ही क्षेत्र की तस्वीर बदली हुई नजर आएगी और विकास की नई कहानी लिखी जाएगी।

ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी। संपर्क:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post