अवैध रेत परिवहन पर सिलौड़ी चौकी पुलिस की बड़ी कार्रवाई,ट्रैक्टर-ट्राली जप्त।
ढीमरखेड़ा क्षेत्र में खनिज माफियाओं के खिलाफ पुलिस का सख्त रुख।
ढीमरखेड़ा,ग्रामीण खबर MP।
जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत ढीमरखेड़ा अनुभाग की सिलौड़ी चौकी पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी ढीमरखेड़ा टीआई अभिषेक चौबे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार दिनांक 16 जनवरी 2026 को चौकी प्रभारी सिलौड़ी उप निरीक्षक अनिल पांडे पुलिस बल के साथ नियमित बाजार भ्रमण एवं गश्त पर थे। इसी दौरान एक न्यू महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्राली को संदिग्ध अवस्था में रोका गया। जांच करने पर पाया गया कि ट्रैक्टर-ट्राली में रेत भरी हुई थी, जिसे अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था। वाहन चालक से रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया, किंतु चालक नरेंद्र चौधरी निवासी पाली द्वारा कोई भी वैधानिक अनुमति, रॉयल्टी पर्ची अथवा अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
दस्तावेजों के अभाव में सिलौड़ी चौकी पुलिस ने अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्राली को मौके पर ही जप्त कर लिया। जप्त वाहन को सुरक्षा की दृष्टि से चौकी परिसर में खड़ा कराया गया। मामले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन से संबंधित खनिज अधिनियम तथा अन्य प्रासंगिक धाराओं के अंतर्गत विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। वाहन चालक के विरुद्ध आगे की वैधानिक प्रक्रिया प्रचलन में है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन से शासन को राजस्व की हानि हो रही है, साथ ही पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंचता है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है।
चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अनिल पांडे ने बताया कि रेत माफियाओं एवं अवैध उत्खनन करने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उक्त कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक ए. के. पांडे के साथ प्रधान आरक्षक अतुल शर्मा, आरक्षक रामसेवक विश्वकर्मा एवं आरक्षक धर्मवीर सिंह की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस टीम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी।
संपर्क:9977110734
