उमरिया पान में अतिक्रमण हटाकर सड़क चौड़ीकरण को लेकर समन्वय बैठक संपन्न।
सरपंच अटल ब्योहार ने निष्पक्ष कार्य का दिया आश्वासन,सरपंच के घर से प्रमोद गुप्ता के घर तक सड़क मरम्मत पर बनी सर्वसम्मति।
उमरिया पान,ग्रामीण खबर MP।
ग्रामपंचायत उमरिया पान के सभागार में सरपंच अटल ब्योहार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य ग्राम की मुख्य बस्ती क्षेत्र में झंडाचौक से लेकर सरपंच अटल ब्योहार के निवास तक सड़क एवं नाली पर हुए अतिक्रमण को हटाकर सड़क का चौड़ीकरण एवं मरम्मत कार्य कराना था, ताकि ग्रामवासियों को सुचारु आवागमन एवं बेहतर जल निकासी की सुविधा मिल सके।
बैठक में विस्तार से चर्चा करते हुए बताया गया कि वर्तमान में सड़क के दोनों ओर नालियों पर कई स्थानों पर अस्थायी एवं स्थायी पट्टियां बना दी गई हैं, जिससे न केवल सड़क की चौड़ाई कम हो गई है बल्कि बरसात के समय जल निकासी भी बाधित होती है। प्रस्ताव में यह निर्णय लिया गया कि जिन घरों के सामने नाली के ऊपर पट्टियां बनी हुई हैं, उन्हें हटाकर पाइपलाइन को व्यवस्थित रूप से किनारे स्थानांतरित किया जाएगा, जिससे नाली का मूल स्वरूप बहाल हो सके।
इसके साथ ही सड़क की मरम्मत करते हुए चार इंच मोटी सीसी ढलाई कर सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा, जिससे भविष्य में सड़क लंबे समय तक टिकाऊ बनी रहे और ग्रामीणों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में उपस्थित नागरिकों को यह भी अवगत कराया गया कि कार्य पूरी योजना एवं तकनीकी मापदंडों के अनुसार कराया जाएगा।
बैठक में लगभग 30 प्रतिशत प्रभावित नागरिकों की उपस्थिति रही। उपस्थित ग्रामीणों ने प्रस्तावित कार्यों पर अपनी सहमति व्यक्त करते हुए कहा कि वे सड़क चौड़ीकरण एवं अतिक्रमण हटाने के पक्ष में हैं, लेकिन यह कार्य पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और समानता के साथ होना चाहिए। ग्रामीणों ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी व्यक्ति के साथ पक्षपात या मुहदेखी नहीं की जाए तथा सभी पर समान रूप से नियम लागू हों।
ग्रामीणों की इस मांग पर सरपंच अटल ब्योहार ने सभी को आश्वस्त किया कि ग्रामपंचायत द्वारा यह कार्य पूरी ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाएगा और सभी प्रभावित लोगों के साथ समान व्यवहार किया जाएगा।
बैठक में यह भी सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सरपंच अटल ब्योहार के घर से लेकर प्रमोद गुप्ता के घर तक के हिस्से में अतिक्रमण हटाकर सड़क का चौड़ीकरण एवं मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा, ताकि इस मार्ग पर आवागमन सुगम हो सके।
बैठक में सरपंच अटल ब्योहार के साथ जनपद सदस्य शैलेन्द्र पौराणिक, उपसरपंच जागेश्वर प्रसाद धन्नू सोनी, सचिव राजकुमार पटेल, सहायक सचिव रमेश झारिया, रोजगार सहायक अतुल चौरसिया सहित राधिका चौरसिया, गोविन्द चौरसिया, अज्जू सोनी, संतोष नामदेव, शेषा चौरसिया, पप्पू चौरसिया, सतीश चौरसिया, सत्तू चौरसिया, रामकुमार गाडरी, सुनील चौरसिया, अम्मू गुप्ता, टीटू चौरसिया, सुदामा चौरसिया, लल्लू चौरसिया सहित अन्य ग्रामवासी उपस्थित रहे।
समन्वय बैठक के माध्यम से ग्राम में सड़क एवं नाली व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। ग्रामीणों का मानना है कि इस कार्य के पूर्ण होने से न केवल आवागमन में सुविधा मिलेगी, बल्कि जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी और ग्राम का समग्र विकास सुनिश्चित हो सकेगा।
ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी। संपर्क:9977110734
