जनअभियान परिषद के रीठी अध्ययन केंद्र में मनाई गई बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती।
लोकगीत,नृत्य,भाषण और निबंध प्रतियोगिता के साथ हुआ आयोजन,जनजातीय नायकों की विरासत से युवाओं को जोड़ी गई प्रेरणा।
रीठी,ग्रामीण खबर MP।
मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय रीठी अध्ययन केंद्र में BSW एवं MSW पाठ्यक्रम की कक्षाएँ प्रत्येक रविवार को आयोजित की जाती हैं। इसी शैक्षणिक गतिविधि के क्रम में आज धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई।
कक्षा की शुरुआत प्रेरणागीत, सुविचार तथा असाइनमेंट निर्माण जैसे नियमित अकादमिक हिस्सों के साथ हुई। इसके बाद प्रयोगशाला ग्राम में होने वाली आगामी सामाजिक गतिविधियों पर चर्चा की गई। जनअभियान परिषद की शैक्षणिक परंपरा के अनुसार कक्षा में प्रमुख त्यौहार, जयंती और महान जननायकों की पुण्यतिथि पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, और आज का आयोजन भी उसी क्रम की एक महत्वपूर्ण कड़ी रहा।
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती का कार्यक्रम उनकी प्रतिमा पर तिलक एवं पुष्प अर्पित कर आरंभ हुआ। इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक जगह सिंह मसराम और समाजसेवी अनिल यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में निबंध प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने अत्यंत उत्साह के साथ भाग लिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में जनजातीय संस्कृति पर प्रस्तुत नृत्य में स्वाति ने मनमोहक प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि काशी विश्वकर्मा द्वितीय रहीं। गायन प्रतियोगिता में MSW की छात्रा मीनू प्रधान प्रथम और अंजू बर्मन द्वितीय स्थान पर रहीं। भाषण प्रतियोगिता में MSW द्वितीय वर्ष के महेश बर्मन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा प्रथम वर्ष के छात्र अतुल बेन द्वितीय स्थान पर रहे।
उद्बोधन में परामर्शदाता अरुण तिवारी ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष, समाज सुधार के प्रयासों एवं अंग्रेजी शासन के विरुद्ध उनके प्रखर नेतृत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा न केवल जनजातीय समाज के प्रेरणास्रोत थे, बल्कि न्याय, स्वाभिमान और अधिकारों की लड़ाई के प्रतीक भी हैं। वहीं विकासखंड समन्वयक ने छात्रों से उनके जीवन से प्रेरणा लेकर सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने पर बल दिया।
कार्यक्रम का संचालन और आभार प्रदर्शन परामर्शदाता शरद यादव द्वारा किया गया। आयोजन में परामर्शदाता रूपा बर्मन, साक्षी नामदेव, पुलकित केसरवानी, लक्ष्मी बर्मन, दिनेश पटेल, दीपा लोधी, राघवेंद्र यादव सहित अध्ययन केंद्र के सभी छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
यह आयोजन न केवल शैक्षणिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा, बल्कि छात्रों को जनजातीय नायकों की गौरवपूर्ण परंपरा और उनके सामाजिक योगदान से परिचित कराने का उत्कृष्ट माध्यम भी सिद्ध हुआ।
ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी |संपर्क:9977110734



