कटनी में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराई,लखपति पुलिस नहीं रोक सकती अपराध : करण सिंह चौहान।
जिले में हो कानून का राज,बढ़ते अपराधों पर कांग्रेस नेता की गहरी चिंता,कैमोर की दर्दनाक घटना को बताया प्रशासनिक विफलता।
कटनी,ग्रामीण खबर MP।
कटनी जिले में लगातार बढ़ते अपराधों और गिरती कानून व्यवस्था पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा जिला शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष करण सिंह चौहान ने गहरी चिंता व्यक्त की है। श्री चौहान ने कहा कि आज कटनी जिले की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है, अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं और पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि “लखपति पुलिस अपराध नहीं रोक सकती”, क्योंकि जब कानून की रक्षा करने वाले खुद विलासिता में डूबे हों तो आम जनता की सुरक्षा की उम्मीद कैसे की जा सकती है।
श्री चौहान ने बताया कि उन्होंने कई माह पूर्व ही प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक,पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक कटनी को पत्र लिखकर जिले की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर गंभीर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा कि पत्र में स्पष्ट उल्लेख किया गया था कि जिले में चाकूबाजी, लूट, हत्या और आत्महत्याओं जैसी घटनाएँ आम हो चुकी हैं। नागरिक भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहे हैं। इसके बावजूद शासन-प्रशासन ने इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
उन्होंने कहा कि पत्र के अलावा उन्होंने वीडियो संदेश भी मुख्यमंत्री और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक भेजे थे ताकि जिले की वास्तविक स्थिति उन तक पहुँच सके। लेकिन न तो किसी स्तर पर कोई जवाब मिला, न ही जमीनी स्तर पर पुलिस की सक्रियता दिखाई दी। श्री चौहान ने कहा कि अपराधों को रोकने के बजाय पुलिस अब केवल औपचारिकता निभाने तक सीमित रह गई है।
कैमोर में हाल ही में हुई जघन्य हत्या और आत्महत्या की घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्री चौहान ने कहा कि इस त्रासदी ने पूरे जिले को हिला दिया है। उन्होंने बताया कि पहले ही उन्होंने पुलिस महानिदेशक और पुलिस महानिरीक्षक को पत्र भेजकर छात्राओं और युवाओं की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की थी, लेकिन अफसोस है कि उस पर कोई कार्यवाही नहीं की गई। यदि समय रहते ध्यान दिया जाता, तो शायद आज एक निर्दोष युवक की जान न जाती।
श्री चौहान ने कटनी पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जिले के कई पुलिस अधिकारी और आरक्षक अब गरीब नहीं, बल्कि “लखपति पुलिस” बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि कुछ पुलिसकर्मी 25 लाख की कारों, 5 लाख की मोटरसाइकिलों पर चलते हैं और लाखों की घड़ियाँ पहनते हैं। उन्होंने सवाल किया कि आखिर यह सब ऐश्वर्य किस आय से संभव है। श्री चौहान ने कहा कि कैमोर थाने के जिस हेड कांस्टेबल को हाल ही में लाइन अटैच किया गया है, उसके बारे में लोग कहते हैं कि वह करोड़पति है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अब जिले के अधिकांश थाने उच्च अधिकारियों के नहीं, बल्कि कुछ प्रभावशाली आरक्षकों के इशारों पर चलते हैं।
पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने यह भी कहा कि कटनी जिले के बहोरीबंद,स्लीमनाबाद और कैमोर थाना क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से धार्मिक उन्माद की स्थितियाँ बन रही हैं। उन्होंने इसे अत्यंत खतरनाक प्रवृत्ति बताते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव को पुनः पत्र लिखकर आग्रह किया है कि पूरे जिले की कानून व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
उन्होंने कहा कि आज आवश्यक है कि कटनी में “कानून का राज” स्थापित हो, ताकि आम जनता खुद को सुरक्षित महसूस कर सके। यदि पुलिस और प्रशासन ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभाएं तो अपराधियों में भय और जनता में विश्वास लौट सकता है।श्री चौहान ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो कटनी अपराधियों का अड्डा बनकर रह जाएगा, और जनता का भरोसा शासन पर से उठ जाएगा।
ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी |संपर्क:9977110734
