उमरियापान में आस्था का महापर्व:भव्य कलश शोभायात्रा के साथ श्रीराम महायज्ञ का शुभारंभ।

 उमरियापान में आस्था का महापर्व:भव्य कलश शोभायात्रा के साथ श्रीराम महायज्ञ का शुभारंभ।

बावली हनुमान मंदिर से निकली ऐतिहासिक शोभायात्रा,जय श्रीराम के उद्घोष से भक्तिरस में डूबा नगर

उमरियापान,ग्रामीण खबर MP। 

उमरियापान नगर एक बार फिर धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना के रंग में सराबोर हो गया। टोला रोड स्थित ऐतिहासिक बावली हनुमान मंदिर परिसर में सोमवार को भव्य कलश शोभायात्रा के साथ श्रीराम महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ हुआ। जैसे ही नगर की सड़कों पर “जय श्रीराम” और “जय बजरंगबली” के गगनभेदी उद्घोष गूंजे, पूरा वातावरण भक्तिरस से ओत-प्रोत हो उठा। नगरवासियों ने इस पावन अवसर को उत्साह, श्रद्धा और सामूहिक आस्था के साथ मनाया।

आयोजन समिति के अनुसार बावली हनुमान मंदिर में आयोजित श्रीराम महायज्ञ 2 फरवरी से 12 फरवरी तक चलेगा। इस महायज्ञ के माध्यम से भगवान श्रीराम की कृपा प्राप्ति, धर्म की स्थापना, समाज में सद्भाव, शांति, नैतिक मूल्यों के संरक्षण एवं आध्यात्मिक चेतना के जागरण का संकल्प लिया गया है। आयोजन संकट मोचन श्री हनुमान जी महाराज की अध्यक्षता में संपन्न हो रहा है। संत श्री 108 बनवारीदास महाराज, सीताशरण महाराज जी के पावन सानिध्य एवं कौशिल्या दास महाराज की गरिमामयी उपस्थिति ने इस आयोजन को विशेष आध्यात्मिक ऊंचाई प्रदान की है।

सोमवार की सुबह से ही बावली हनुमान मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों की तैयारियां प्रारंभ हो गई थीं। यज्ञ स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल दिखाई दे रहा था। दोपहर बाद मंदिर परिसर से भव्य कलश शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर शोभायात्रा में भाग लिया। ढोल-नगाड़ों, शंखनाद, भजन-कीर्तन और जयघोष के बीच निकली यह शोभायात्रा नगर के धार्मिक और सांस्कृतिक वैभव का सजीव प्रतीक बन गई।

कलश शोभायात्रा बावली हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर न्यू बस स्टैंड, झंडा चौक, बड़ी माई मंदिर, सन्यासी महाराज स्थल, अथैया मंदिर, कटरा बाजार, चंडी माता सहित नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए यज्ञ स्थल पहुंची। मार्ग के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया और जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा जलपान एवं प्रसाद की व्यवस्था भी की गई।

शोभायात्रा में यज्ञाचार्य ज्ञान महाराज, यजमानों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामीणजन, युवा, महिलाएं एवं धर्मप्रेमी नागरिक शामिल हुए। नगर के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय सहभागिता ने यह स्पष्ट कर दिया कि श्रीराम महायज्ञ केवल एक धार्मिक अनुष्ठान भर नहीं है, बल्कि यह सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और सामूहिक आस्था का महापर्व बन चुका है, जो पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा से जोड़ रहा है।

आयोजक कमेटी के सचिव राकेश (सल्लू )चौरसिया ने बताया कि महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन, पूजन, धार्मिक अनुष्ठान, संत प्रवचन एवं श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। राकेश चौरसिया ने कहा की संतों के प्रवचनों के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्श, मर्यादा, त्याग, सेवा और धर्म के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। धार्मिक मान्यता है कि श्रीराम महायज्ञ से वातावरण शुद्ध होता है, सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और समाज में नैतिक मूल्यों की पुनर्स्थापना होती है।

कलश शोभायात्रा में विशेष रूप से सुभाष पांडे चौरसिया, पंडित विजय दुबे, मगन चौरसिया, राकेश (सल्लू) चौरसिया, अज्जू सोनी, जगमोहन (जग्गू) चौरसिया, मोहन चौरसिया, विजईं चौरसिया, मिलन चौरसिया, सारू चौरसिया, प्रकाश चौरसिया, उत्तम सोनी, राजेश ब्योहार, अनिल मिश्रा, जगन्नाथ मांझी, नरेश असाटी, विनोद साहू, नंदू नामदेव, अनिल नामदेव, बबुआ नामदेव सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

श्रीराम महायज्ञ के शुभारंभ के साथ ही उमरियापान नगर में धर्म, भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक चेतना से जोड़ते हुए एक सकारात्मक और पावन वातावरण का निर्माण किया।


ग्रामीण खबर MP-

जनमानस की निष्पक्ष आवाज

तहसील रिपोर्टर:जगमोहन (जग्गू )चौरसिया उमरिया पान











Post a Comment

Previous Post Next Post