विधायक संजय पाठक के प्रयास रंग लाए,विजयराघवगढ़ को मिली ऐतिहासिक सौगात;दो लिफ्ट सिंचाई परियोजनाओं को कैबिनेट की मंजूरी।

 विधायक संजय पाठक के प्रयास रंग लाए,विजयराघवगढ़ को मिली ऐतिहासिक सौगात;दो लिफ्ट सिंचाई परियोजनाओं को कैबिनेट की मंजूरी।

धनवाही और बरही सूक्ष्म उद्यम सिंचाई योजनाओं से 30 ग्राम पंचायतों की 25 हजार हेक्टेयर भूमि होगी सिंचित,616 करोड़ की लागत से 14 हजार किसानों को मिलेगा सीधा लाभ।

कटनी,ग्रामीण खबर MP।

मध्यप्रदेश शासन की राजधानी भोपाल में आयोजित राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में कटनी जिले की विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण और दूरगामी प्रभाव वाला निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई इस कैबिनेट बैठक में बाण सागर डैम के जल का उपयोग कर खेतों तक सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने वाली धनवाही एवं बरही सूक्ष्म उद्यम लिफ्ट सिंचाई परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई। इस निर्णय को विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के किसानों के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

इन दोनों महत्वाकांक्षी सिंचाई परियोजनाओं के माध्यम से विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र की 30 ग्राम पंचायतों की 25 हजार हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि को स्थायी सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। परियोजनाओं पर कुल लगभग 616 करोड़ रुपये की लागत आएगी। योजनाओं के अंतर्गत बाण सागर डैम से जल को लिफ्ट प्रणाली के माध्यम से प्रेशर पाइप लाइन द्वारा खेतों तक पहुंचाया जाएगा, जिससे वर्षा पर निर्भर खेती की समस्या से किसानों को राहत मिलेगी।

धनवाही एवं बरही सूक्ष्म उद्यम सिंचाई परियोजनाओं से न केवल कटनी जिले की विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र को लाभ मिलेगा, बल्कि मैहर जिले की भी 7 ग्राम पंचायतों की कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी। लंबे समय से इस अंचल के किसान सिंचाई के अभाव में सीमित फसल उत्पादन के लिए विवश थे, ऐसे में इन परियोजनाओं की स्वीकृति से क्षेत्र की कृषि व्यवस्था में व्यापक सुधार की उम्मीद जगी है।

विधायक संजय पाठक पिछले कई वर्षों से बाण सागर डैम के जल को लिफ्ट सिंचाई परियोजनाओं के माध्यम से किसानों के खेतों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत थे। उन्होंने क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और किसानों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया और विस्तृत सर्वे कार्य तथा डीपीआर तैयार करवाई। इन सतत प्रयासों का ही परिणाम है कि अब यह परियोजनाएं शासन स्तर पर स्वीकृत हो सकीं।

कैबिनेट से परियोजनाओं की स्वीकृति मिलने के बाद विधायक संजय पाठक ने विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र की जनता की ओर से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय सरकार के किसान कल्याण वर्ष के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है, जिसका उद्देश्य हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाना है। इन दोनों परियोजनाओं के माध्यम से विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लगभग 14 हजार किसानों को प्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलेगा।

विधायक संजय पाठक ने अपने संदेश में कहा कि सिंचाई सुविधा उपलब्ध होने से किसानों की फसल उत्पादकता में वृद्धि होगी, जिससे उनकी आय बढ़ेगी और आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के सभी किसान भाइयों को इस उपलब्धि पर बधाई दी तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट के प्रति क्षेत्रवासियों की ओर से आभार प्रकट किया।

बरही सूक्ष्म सिंचाई परियोजना के अंतर्गत विजयराघवगढ़ एवं बरही तहसील की केवलारी, गैरतलाई, उबरा, खन्ना बंजारी, धवईया, डोकरिया, सिजहरा, बनगवां, पथरेहटा, सिनगौड़ी, खिरवा, सिमरिया, रामपुर टोला, सिंघनपुरा, टिकरिया, पटपरहा, खलैन्धा, कुंदरही, गुहावल, बकेली, उरदानी, करौंदी कलां, झिरिया, बुजबुजा, करौंदी खुर्द, सिरोंजा और हनतला ग्राम पंचायतों की कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी। वहीं धनवाही परियोजना के माध्यम से कुटेश्वर, इटमा और इटौरा क्षेत्रों तक पाइप लाइन और वाल्व प्रणाली से सिंचाई का पानी पहुंचाया जाएगा।

इन दोनों परियोजनाओं की मंजूरी से विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र में कृषि विकास के नए अवसर सृजित होंगे। स्थायी सिंचाई सुविधा मिलने से क्षेत्र में बहुफसली खेती को बढ़ावा मिलेगा, किसानों की निर्भरता मानसून पर कम होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। यह निर्णय न केवल वर्तमान किसानों के लिए बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी विकास की मजबूत आधारशिला साबित होगा।

ग्रामीण खबर MP-

जनमानस की निष्पक्ष आवाज

प्रधान संपादक-अज्जू सोनी। संपर्क:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post