उमरियापान की विशाल चुनरी यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं के बीच शामिल हुए विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह, बाजार भ्रमण कर व्यापारियों से जीएसटी राहत पर की चर्चा और स्वदेशी उत्पादों के उपयोग पर दिया जोर।
भक्ति और आस्था से ओतप्रोत धार्मिक आयोजन में उमड़ा जनसैलाब, श्रद्धालुओं ने 211 मीटर चुनरी अर्पित कर मां जगदंबा से की मंगलकामना, विधायक ने व्यापारियों से संवाद कर जनसंपर्क भी बढ़ाया।
उमरिया पान,ग्रामीण खबर MP।
शारदेय नवरात्रि पर्व की पंचमी तिथि पर शुक्रवार को उमरियापान का वातावरण भक्ति और आस्था से सराबोर रहा। प्राचीन परंपराओं और धार्मिक आस्थाओं से जुड़े विशाल चुनरी यात्रा आयोजन में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक था। हर कोई देवी माता के जयकारों और धार्मिक नारों से वातावरण को गुंजायमान कर रहा था।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने बड़ी माई मंदिर में लाल रंग की चुनरी चढ़ाई, वहीं चंडी माता मंदिर में विराजमान महाकाली माता को 211 मीटर लंबी काले रंग की चुनरी अर्पित की गई। चुनरी अर्पण के इस भव्य अनुष्ठान ने श्रद्धालुओं को गहरे आध्यात्मिक भाव से जोड़ दिया। यात्रा में महिला-पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे सभी श्रद्धाभाव से शामिल हुए। धार्मिक बैंड-बाजों, ढोल-ढमाकों और जयकारों के बीच चुनरी यात्रा का दृश्य भव्य और आकर्षक नजर आ रहा था।
इस चुनरी यात्रा में बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह सहित भाजपा जिलामंत्री पंडित विजय दुबे, मण्डल अध्यक्ष आशीष चौरसिया, जितेंद्र अरोरा भी श्रद्धालुओं के बीच मौजूद रहे। उन्होंने भक्तों के साथ चलकर मां जगदंबा से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। विधायक के सम्मिलित होने से श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों का उत्साह और भी बढ़ गया।
चुनरी यात्रा के उपरांत विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने उमरियापान बाजार का दौरा किया। उन्होंने बाजार की विभिन्न दुकानों पर पहुंचकर व्यापारियों से मुलाकात की। इस दौरान व्यापारियों ने हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी दरों में की गई कमी पर अपनी खुशी जाहिर की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार प्रकट किया। व्यापारियों ने कहा कि सरकार का यह निर्णय ऐतिहासिक है, इससे व्यापार करने में आसानी होगी और ग्राहकों को भी वस्तुएं सस्ती दर पर मिलेंगी।
विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने भी इस विषय पर विस्तार से व्यापारियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार का यह कदम न केवल व्यापारियों के लिए राहतकारी है, बल्कि आम उपभोक्ता को भी प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। व्यापार के सुगम होने से बाजार में रौनक बढ़ेगी और आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी।
इसके साथ ही विधायक ने व्यापारियों और नागरिकों को संबोधित करते हुए स्वदेशी उत्पादों के उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हमें अपनी परंपराओं और अपने उत्पादों पर गर्व करना चाहिए। स्वदेशी को अपनाने से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, छोटे उद्योग और कुटीर उद्योग विकसित होंगे तथा ग्रामीण क्षेत्रों के रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने स्थानीय स्तर पर निर्मित वस्तुओं के प्रयोग और प्रचार-प्रसार की अपील भी की।
बाजार भ्रमण के दौरान विधायक ने दुकानदारों से उनके व्यापार की स्थिति और स्थानीय समस्याओं की जानकारी भी ली। व्यापारियों ने उन्हें अपनी आवश्यकताओं और कठिनाइयों से अवगत कराया, जिन पर विधायक ने शीघ्र ही समाधान का आश्वासन दिया।
उमरियापान प्रवास के दौरान विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह नई बस्ती और आजाद चौक स्थित मां दुर्गा की प्रतिमाओं के दर्शन करने पहुंचे। उन्होंने वहां पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की खुशहाली और जनकल्याण की प्रार्थना की। धार्मिक आयोजन में शामिल होकर उन्होंने स्थानीय आयोजकों और श्रद्धालुओं से भेंट की और उनके प्रयासों की सराहना की।
इस दौरान विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह के साथ भाजपा जिलामंत्री पंडित विजय दुबे, मण्डल अध्यक्ष आशीष चौरसिया,जितेंद्र अरोरा, युवा मोर्चा शुशांक चौरसिया, वैभव चौरसिया, प्रदीप तातु चौरसिया, राकेश यादव, अखलेश नामदेव, अज्जू पटेल, नीरज पटेल,पिंकू सोनी, अंकित नामदेव, हीरा नामदेव, गुलशन पांडेय, रोहित नामदेव, प्रमोद नामदेव, रमेश नामदेव, कुलदीप तिवारी, सुजीत बाजपेयी, रजनीकांत झारिया, दिनेश असाटी,अनिल नामदेव, गया असाटी, अशोक असाटी, सहित अन्य लोगों की उपस्थिति रही।
पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में भारी उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना रहा। चुनरी यात्रा से लेकर बाजार भ्रमण और दुर्गा दर्शन तक हर जगह विधायक की मौजूदगी ने लोगों को आत्मीयता और अपनत्व का अनुभव कराया। धार्मिक आस्था और सामाजिक सरोकारों का संगम बने इस आयोजन ने न केवल श्रद्धालुओं को भावविभोर किया, बल्कि व्यापारियों और आमजन के बीच संवाद का भी अवसर प्रदान किया।
ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी |संपर्क:9977110734
