भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाले बयान पर कांग्रेस का हल्ला, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का पुतला फूंका।
कटनी में कांग्रेसजनों का उग्र विरोध प्रदर्शन, विवादित बयान को महिला अपमान और भारतीय संस्कृति पर हमला बताया।
कटनी,ग्रामीण खबर MP।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विवादित बयान से मध्यप्रदेश की राजनीति में बवाल मच गया है। विजयवर्गीय द्वारा भाई-बहन के पवित्र रिश्ते पर की गई अमर्यादित टिप्पणी ने न केवल भाजपा को कटघरे में खड़ा कर दिया है, बल्कि आमजन और राजनीतिक दलों के बीच गहरी नाराजगी भी पैदा कर दी है। इस बयान के खिलाफ कटनी जिले में कांग्रेसजनों ने जोरदार विरोध दर्ज कराया और मंत्री का पुतला फूंकते हुए भाजपा की मानसिकता पर कड़ा प्रहार किया।
जिला कांग्रेस कमेटी शहर और ग्रामीण इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में कोतवाली थाना तिराहे पर एकत्र हुए। नारेबाजी और आक्रोश से भरे इस प्रदर्शन ने पूरे क्षेत्र का ध्यान आकर्षित किया। कांग्रेसजनों ने विजयवर्गीय पर महिला विरोधी और संस्कृति विरोधी सोच का आरोप लगाते हुए कहा कि इस प्रकार का बयान भारतीय समाज की मर्यादा को कलंकित करने वाला है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला ने कहा कि नवरात्रि जैसा पावन पर्व, जो देवी की उपासना और मातृशक्ति के सम्मान का प्रतीक है, उस दौरान मंत्री द्वारा भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को कलंकित करना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि विजयवर्गीय का यह रवैया नया नहीं है। समय-समय पर वे महिलाओं के कपड़ों, उनकी शिक्षा और यहां तक कि उनकी बोली तक पर अपमानजनक टिप्पणियां कर चुके हैं। यह सब भाजपा और उसके नेताओं की महिलाओं के प्रति तुच्छ मानसिकता को उजागर करता है।
ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व विधायक सौरभ सिंह ने कहा कि विजयवर्गीय के बयान से पूरे देश की संस्कृति को ठेस पहुंची है। भाई-बहन का रिश्ता भारतीय सभ्यता का अभिन्न हिस्सा है और इसे लेकर इस तरह की अमर्यादित टिप्पणी केवल व्यक्तिगत अपमान नहीं, बल्कि सामाजिक मूल्यों पर आघात है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता लगातार ऐसे बयान देकर यह साबित करते हैं कि उनकी सोच कितनी संकीर्ण और महिलाओं के प्रति कितनी असंवेदनशील है।
प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह मामला केवल कांग्रेस का नहीं है। विजयवर्गीय ने हर घर की बहनों और बेटियों का अपमान किया है। यह बयान पूरे देश के भाई-बहन के रिश्ते पर कीचड़ उछालने जैसा है। कांग्रेसजनों ने चेतावनी दी कि जब तक विजयवर्गीय सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तब तक विरोध की आग शांत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस अपमान को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
इस उग्र विरोध प्रदर्शन में पूर्व शहर अध्यक्ष प्रियदर्शन गौर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनी वर्मा, मौसूफ अहमद बिट्टू, राजा जगवानी, प्रेम बत्रा, आफताब अहमद, चोखे भाईजान, अजय जैसवानी, श्याम पाहुजा, नारायण निषाद, दिग्विजय सिंह, कमल पांडे, अजय खटीक, संजय गुप्ता, श्याम यादव, मुकेश मिश्रा, विजय मंगल चौधरी, अशोक मौर्य, दीपक गुप्ता, प्रहलाद यादव और अजय गोटिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा के इस प्रकार के नेताओं का न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश की राजनीति और समाज पर नकारात्मक असर पड़ता है। जिस तरह नवरात्रि जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व वाले अवसर को निशाना बनाकर यह टिप्पणी की गई, उससे साफ है कि भाजपा के नेताओं के लिए न तो धार्मिक भावनाएं महत्वपूर्ण हैं और न ही सामाजिक मर्यादाएं।
कटनी में हुए इस विरोध प्रदर्शन से यह संदेश गया कि कांग्रेस इस मुद्दे को केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी इसे जोर-शोर से उठाएगी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह संघर्ष महिलाओं की गरिमा, भारतीय संस्कृति की रक्षा और भाई-बहन के रिश्ते की मर्यादा के लिए है। उनका कहना था कि भाजपा नेताओं को जनता के क्रोध को समझना होगा और अपनी मानसिकता बदलनी होगी, अन्यथा आने वाले समय में उन्हें राजनीतिक और सामाजिक रूप से कड़ा दंड भुगतना पड़ेगा।
ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी |संपर्क:9977110734
