कांग्रेस का तीखा हमला,मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की अमर्यादित टिप्पणी पर माफी की मांग,कहा भाई-बहन के रिश्ते को कलंकित कर भाजपा की मानसिकता हुई उजागर।
जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनी वर्मा ने भाजपा को बताया महिला विरोधी पार्टी,शहर और ग्रामीण कांग्रेस ने कहा नवरात्रि के पावन अवसर पर मंत्री की ओछी टिप्पणी शर्मनाक।
कटनी,ग्रामीण खबर MP।
नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर की गई अमर्यादित टिप्पणी को लेकर प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश में राजनीतिक बवाल मच गया है। कटनी जिले में कांग्रेस ने इस बयान को महिलाओं का अपमान करार देते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने स्पष्ट कहा है कि यदि विजयवर्गीय सार्वजनिक माफी नहीं मांगते हैं तो सड़कों पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनी वर्मा ने जिला कांग्रेस कमेटी शहर और ग्रामीण के तत्वावधान में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि भाजपा का असली चेहरा जनता के सामने आ चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता अक्सर महिलाओं और बच्चियों को लेकर अमर्यादित टिप्पणियां करते रहे हैं, जिससे उनकी मानसिकता साफ झलकती है। उन्होंने कहा कि मंत्री विजयवर्गीय ने भाई-बहन जैसे पवित्र रिश्ते को भी राजनीतिक लाभ के लिए कलंकित करने का काम किया है। रजनी वर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस इस तरह की मानसिकता को बर्दाश्त नहीं करेगी और यदि मंत्री ने माफी नहीं मांगी तो उग्र आंदोलन की राह अपनाई जाएगी।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला ने कहा कि नवरात्रि का पर्व देशभर में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जा रहा है, लोग कन्याओं का पूजन कर उन्हें शक्ति का स्वरूप मान रहे हैं। ऐसे समय में भाजपा के मंत्री का इस तरह की ओछी और अभद्र टिप्पणी करना न केवल महिलाओं का अपमान है बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं का भी अपमान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले में चुप नहीं बैठेगी, बल्कि महिलाओं के सम्मान के लिए सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।
जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा देती है, लेकिन उनकी ही सरकार के मंत्री महिलाओं के प्रति अशोभनीय टिप्पणी कर पार्टी का असली चरित्र उजागर करते हैं। उन्होंने कहा कि यह दोहरेपन की पराकाष्ठा है, एक ओर बेटी बचाने की बातें और दूसरी ओर महिलाओं का अपमान। उन्होंने मांग की कि विजयवर्गीय को तुरंत अपने शब्दों के लिए सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए, अन्यथा कांग्रेस जन हर स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
पत्रकार वार्ता में मौजूद कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार और उनके मंत्री लगातार समाज को गुमराह कर रहे हैं। महिला सुरक्षा और सम्मान की बात करने वाली भाजपा के नेताओं के बयान उनके असली चेहरे को उजागर करते हैं। कांग्रेस ने कहा कि समाज के हर वर्ग को समझना होगा कि भाजपा केवल नारों और जुमलों की राजनीति करती है, जबकि उनकी नीतियां और कार्यप्रणाली महिलाओं के प्रति उपेक्षापूर्ण और अपमानजनक है।
इस अवसर पर पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रियदर्शन गौर, राजा जगवानी, सुमन रजक, कल्पना पाठक, अदीता वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे। सभी ने एक सुर में कहा कि कांग्रेस महिलाओं के सम्मान और भाई-बहन जैसे पवित्र रिश्तों की गरिमा को बचाने के लिए हरसंभव संघर्ष करेगी और जनता के बीच जाकर भाजपा की वास्तविकता को उजागर करेगी।
ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी |संपर्क:9977110734
