हरतालिका व्रत के दिन मातृ शक्ति का अपमान कर कांग्रेस अध्यक्ष ने पाप किया जो क्षम्य नहीं:दीपक सोनी टण्डन।

 हरतालिका व्रत के दिन मातृ शक्ति का अपमान कर कांग्रेस अध्यक्ष ने पाप किया जो क्षम्य नहीं:दीपक सोनी टण्डन।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने शराब वाली टिप्पणी पर जताई कड़ी आपत्ति, आज होगा आंदोलन, जुलूस, ज्ञापन और पुतला दहन।

कटनी,ग्रामीण खबर MP:

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा महिलाओं को लेकर दिए गए विवादित बयान ने प्रदेश की राजनीति को गरमा दिया है। इस टिप्पणी ने जहां सामाजिक और धार्मिक भावनाओं को आहत किया है वहीं भारतीय जनता पार्टी ने इसे मातृशक्ति का सीधा अपमान करार देते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टण्डन ने कहा कि हरतालिका तीज जैसे पावन पर्व के दिन मातृशक्ति को लेकर इस तरह की अपमानजनक टिप्पणी करना न केवल निंदनीय है बल्कि दिवालिया मानसिकता का प्रमाण भी है।

उन्होंने कहा कि जब महिलाएं निर्जला व्रत रखकर श्रद्धा और आस्था से भगवान शिव-पार्वती की पूजा-अर्चना कर रही हैं, उस समय महिलाओं पर इस तरह की टिप्पणी करना कांग्रेस के महिला विरोधी सोच को उजागर करता है। श्री टण्डन ने कहा कि जीतू पटवारी का बयान केवल एक जुबानी चूक नहीं बल्कि सुनियोजित तरीके से मातृशक्ति का अपमान है। यह बयान न केवल मध्यप्रदेश की आधी आबादी बल्कि पूरे देश की नारी शक्ति की गरिमा को ठेस पहुंचाता है।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की संस्कृति में महिलाओं के प्रति सम्मान कभी नहीं रहा। इतिहास गवाह है कि कांग्रेस के कई नेताओं ने समय-समय पर महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक बयान दिए हैं और पार्टी ने उन पर कोई कठोर कार्रवाई नहीं की। पटवारी का यह बयान उसी कड़ी का हिस्सा है। यह मातृशक्ति को अपमानित करने की कांग्रेस की पुरानी परंपरा का नया उदाहरण है।

दीपक सोनी टण्डन ने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस तत्काल अपने प्रदेश अध्यक्ष पर कार्रवाई नहीं करती तो यह साबित होगा कि पार्टी भी इस सोच में बराबर की दोषी है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मामले को हल्के में नहीं लेगी। महिलाएं समाज की धुरी हैं और उनके सम्मान पर कोई आंच नहीं आने दी जाएगी।

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेंगे। आज 27 अगस्त को भारतीय जनता पार्टी कटनी जिले में व्यापक आंदोलन की शुरुआत करेगी। आंदोलन के तहत शहरभर में जुलूस निकाले जाएंगे, जगह-जगह नारेबाजी होगी और कांग्रेस के खिलाफ जनता का गुस्सा सड़क पर उतरकर दिखाई देगा। भाजपा कार्यकर्ता प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपेंगे जिसमें जीतू पटवारी पर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल होगी। इसके साथ ही पटवारी का पुतला दहन कर कड़ा विरोध दर्ज कराया जाएगा।

भाजपा ने स्पष्ट किया है कि यह आंदोलन केवल कटनी तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि प्रदेशभर में इसे आगे बढ़ाया जाएगा ताकि कांग्रेस को एहसास हो कि मातृशक्ति का अपमान देश की जनता कभी सहन नहीं करेगी। दीपक सोनी टण्डन ने कहा कि मातृशक्ति के अपमान का यह पाप अक्षम्य है और भाजपा इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने जनता से भी आह्वान किया कि इस आंदोलन में शामिल होकर कांग्रेस की महिला विरोधी मानसिकता के खिलाफ आवाज बुलंद करें।

भाजपा ने कहा कि यह केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं है बल्कि समाज और संस्कृति से जुड़ा मामला है। हरतालिका व्रत जैसे पवित्र अवसर पर मातृशक्ति का अपमान करने वाले बयान से न केवल महिलाओं की श्रद्धा को ठेस पहुंची है बल्कि धार्मिक आस्थाएं भी आहत हुई हैं। इसलिए भाजपा इसे जन आंदोलन का स्वरूप देगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेगी।

ग्रामीण खबर MP-

जनमानस की निष्पक्ष आवाज

प्रधान संपादक:अज्जू सोनी |

संपर्क:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post