धरवारा में तिरंगे की शान, देशभक्ति की उमंग और स्वच्छता के संकल्प के साथ भव्य तिरंगा यात्रा संपन्न।

 धरवारा में तिरंगे की शान, देशभक्ति की उमंग और स्वच्छता के संकल्प के साथ भव्य तिरंगा यात्रा संपन्न।

प्रधानमंत्री के आवाहन पर आयोजित तिरंगा यात्रा में देशभक्ति के नारों की गूंज, अनिल दुबे और शिवशंकर दुबे ने युवाओं से राष्ट्रहित और स्वच्छता के लिए आगे आने की अपील की।

धरवारा,ग्रामीण खबर MP:

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवाहन पर एवं प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी तथा क्षेत्रीय विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह के मार्गदर्शन में और भाजपा नेता अनिल दुबे के नेतृत्व में 14 अगस्त को धरवारा में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन हुआ। यह तिरंगा यात्रा धरवारा से आरम्भ होकर सरसवाही, भूला, महगवा, पढरभटा तथा पोनियां तक पहुंची। यात्रा में चारों ओर तिरंगे की शान और देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों के हाथों में लहराते तिरंगे और गूंजते नारों ने पूरे क्षेत्र को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

यात्रा के दौरान जगह-जगह ग्रामीणों ने फूल बरसाकर स्वागत किया और देशभक्ति गीतों की धुन पर युवाओं ने उत्साहपूर्वक बाइक रैली में भाग लिया। गली-गली, चौराहों और मार्गों पर तिरंगे के रंगों से सजी सजावट ने माहौल को और भी भव्य बना दिया।

इस अवसर पर भाजपा नेता अनिल दुबे ने कहा कि तिरंगा भारत की आत्मा है, जो हमें एकता, बलिदान और सम्मान का संदेश देता है। उन्होंने युवाओं से तिरंगे के सम्मान की रक्षा और राष्ट्रहित में कार्य करने का आवाहन करते हुए कहा कि स्वच्छ भारत अभियान केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि यह हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य है, जिसे हमें अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक हम अपने घर, गांव और आसपास के वातावरण को स्वच्छ नहीं रखेंगे, तब तक विकास अधूरा रहेगा।

वहीं समाजसेवी शिवशंकर दुबे ने अपने उद्बोधन में कहा कि तिरंगे के तीन रंग केवल ध्वज के नहीं, बल्कि हमारे संस्कार, संकल्प और समर्पण के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि हरा रंग जीवन और समृद्धि का, सफेद रंग शांति और सत्य का, जबकि केसरिया रंग साहस और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे केवल त्योहारों पर ही नहीं, बल्कि हर दिन तिरंगे के सम्मान, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक रहें। उन्होंने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि यदि हम अपने आसपास के पेड़-पौधों, नदियों और वनों की रक्षा करेंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों को बेहतर भविष्य मिलेगा।

यात्रा में विशेष रूप से अनिल दुबे सहित शिवशंकर दुबे, महेंद्र दुबे, हरिश विश्वकर्मा, आकाश विश्वकर्मा, मूलचंद सोनी, राम सिंह, नेमचंद, वेद प्रकाश, सुशील महोबिया, अन्नू दुबे, किसोरी लाल हल्दकार, सुनील यादव, पिक्कू नामदेव व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में "भारत माता की जय", "वंदे मातरम्" और "जय हिंद" के नारों से वातावरण को गूंजा दिया।

इस यात्रा ने न केवल तिरंगे के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को प्रबल किया, बल्कि स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता का संदेश भी हर गांव और हर दिल तक पहुंचाया। यह आयोजन धरवारा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए प्रेरणास्रोत बन गया, जिसमें हर वर्ग, हर आयु और हर समुदाय के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

ग्रामीण खबर MP-

जनमानस की निष्पक्ष आवाज

प्रधान संपादक:अज्जू सोनी |

संपर्क:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post