सेंट्रल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में सब्जी उत्पादन एवं नर्सरी प्रबंधन प्रशिक्षण की परीक्षा सफलता पूर्वक संपन्न।
स्वासहायता समूह की महिलाओं ने 12 दिवसीय प्रशिक्षण के बाद लिखित, मौखिक एवं प्रायोगिक परीक्षा देकर स्वरोजगार की ओर बढ़ाया आत्मनिर्भरता का कदम।
बालाघाट,ग्रामीण खबर mp:
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) बालाघाट में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आई महिला स्व-सहायता समूह की सदस्याओं को 12 दिवसीय सब्जी उत्पादन एवं नर्सरी प्रबंधन का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण एवं कृषि आधारित स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम पहल के रूप में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को नर्सरी की वैज्ञानिक पद्धति से स्थापना, उन्नत बीज चयन, जैविक व रासायनिक उर्वरकों का संतुलित उपयोग, कीट नियंत्रण, फसल चक्र, सिंचाई तकनीक एवं उत्पादन के बाद की मार्केटिंग प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। व्यावहारिक कार्यों में ट्रे नर्सरी तैयार करना, बीज बोना, पौधों की देखरेख करना, एवं जैविक छिड़काव आदि शामिल रहे। प्रशिक्षकों ने ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर किसान के रूप में तैयार करने हेतु समर्पित भाव से प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात सभी महिलाओं की त्रिस्तरीय परीक्षा आयोजित की गई जिसमें लिखित, मौखिक एवं प्रायोगिक मूल्यांकन किया गया। परीक्षा का आयोजन ओम प्रकाश चतुर्वेदी, परीक्षा नियंत्रक एवं प्रमाणीकरण अधिकारी रूडसेटी, भारत सरकार शाखा भोपाल के निर्देशन में संपन्न हुआ। नर्सरी प्रबंधन एवं सब्जी उत्पादन विषय से संबंधित परीक्षा का संचालन रामसुख दुबे, कटनी द्वारा किया गया। वहीं बैंकिंग एवं स्वरोजगार विषयक परीक्षा का मूल्यांकन गौरव डेहरिया, छिंदवाड़ा द्वारा किया गया।
परीक्षा प्रक्रिया में महिलाओं से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान पर आधारित सवाल पूछे गए, साथ ही खेत पर जाकर प्रायोगिक अभ्यास भी कराया गया। सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया एवं उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। परीक्षा के सफल परिणाम के पश्चात सभी योग्य प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए जाएंगे, जिससे उन्हें भविष्य में विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं स्वयं के स्वरोजगार हेतु सहायता प्राप्त हो सकेगी।
इस अवसर पर संस्थान के समस्त स्टाफ ने महिलाओं का मनोबल बढ़ाते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण अंचलों की महिलाओं को न केवल स्वावलंबी बना रहा है बल्कि आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की ओर भी एक मजबूत कदम है।
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी,ग्रामीण खबर mp
संपर्क सूत्र:9977110734
