बारडोली वेलफेयर सोसाइटी ने निभाया सामाजिक दायित्व, लिया ददरी टोला आंगनबाड़ी केंद्र को गोद।
बच्चों को प्रतिदिन मिलेगा पोषण आहार, वितरित की गई शैक्षणिक सामग्री, स्कूल ड्रेस और अन्य उपयोगी संसाधन।
विलायत कला,ग्रामीण खबर mp:
सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में उल्लेखनीय पहल करते हुए बारडोली वेलफेयर सोसाइटी परिवार जिला कटनी द्वारा आज विलायत कला के ददरी टोला आंगनबाड़ी केंद्र को विधिवत रूप से गोद लिया गया। इस अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें समाजसेवी, जनप्रतिनिधि, अभिभावकगण एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात आंगनबाड़ी केंद्र में अध्ययनरत समस्त बच्चों को दूध, बिस्कुट, एवं पौष्टिक आहार वितरित किया गया। यह घोषणा की गई कि अब प्रतिदिन इस केंद्र पर बच्चों को पोषण युक्त आहार उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उनकी शारीरिक एवं मानसिक वृद्धि को सकारात्मक दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर बच्चों को शिक्षा संबंधी सामग्री जैसे स्कूल बैग, पहाड़ा पुस्तिका, कॉपी, पेंसिल, रबर, कंपास बॉक्स एवं नए स्कूल ड्रेस भी वितरित किए गए। इन संसाधनों से बच्चों की शिक्षा यात्रा को मजबूती मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के उत्साह और चेहरे की मुस्कान ने सभी उपस्थितजनों को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय सोनी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, प्रतिभा पांडे द्वारा की गई। उन्होंने अपने संबोधन में बारडोली वेलफेयर सोसाइटी की इस पहल की सराहना करते हुए इसे एक अनुकरणीय उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि यदि समाज के सक्षम वर्ग आगे आएं, तो हर बच्चे को शिक्षा और पोषण मिल सकता है।
इस अवसर पर भाजपा मंडल महामंत्री पुष्पेंद्र गोस्वामी, भूपेश कांत मिश्रा, गणेशपुरी गोस्वामी की विशेष उपस्थिति रही। आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकर्ता एवं सहायिका ने पूरी जिम्मेदारी और समर्पण से कार्यक्रम में सहयोग दिया। शासकीय माध्यमिक शाला विलायत कला के प्रिंसिपल, समस्त स्टाफ और बच्चों के माता-पिता ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
बारडोली वेलफेयर सोसाइटी के इस कार्य को स्थानीय समुदाय में अत्यधिक सराहना मिली। यह पहल न केवल बच्चों के स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुधार की दिशा में प्रभावी कदम है, बल्कि समाज के अन्य संगठनों के लिए भी प्रेरणा स्रोत बन सकती है।
इस कार्यक्रम के माध्यम से यह स्पष्ट हुआ कि यदि सामाजिक संगठन और प्रशासनिक सहयोग एकसाथ हो, तो ग्राम स्तर पर भी व्यापक बदलाव संभव है। अब यह आशा की जा रही है कि भविष्य में इसी तरह की और भी पहलें अन्य आंगनबाड़ी केंद्रों में भी होंगी, जिससे सम्पूर्ण क्षेत्र के बच्चों का समुचित विकास सुनिश्चित किया जा सके।
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी,ग्रामीण खबर mp
संपर्क सूत्र:9977110734
