जनपद अध्यक्ष सुनीता दुबे के हाथों गुरु पूर्णिमा पर निशुल्क साइकिल वितरण,विद्यार्थियों के खिले चेहरे।
ढीमरखेड़ा विकासखंड में शासन की साइकिल योजना के अंतर्गत 23 छात्र-छात्राओं को ससम्मान साइकिलें प्रदान की गईं।
ढीमरखेड़ा,ग्रामीण खबर mp:
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर दिनांक 10 जुलाई 2025 को शासकीय योजनाओं के तहत छात्र-छात्राओं को प्रेरित करने वाली एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सत्र 2025-26 के लिए शासन की निशुल्क साइकिल प्रधान योजना का विकासखंड स्तरीय वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह गरिमामयी कार्यक्रम शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ढीमरखेड़ा के प्रांगण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा की अध्यक्ष सुनीता संतोष दुबे द्वारा की गई, जिन्होंने विद्यालय के पात्र 23 छात्र-छात्राओं को तिलक लगाकर एवं ससम्मान साइकिलें प्रदान कीं। जनपद अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि शासन की यह योजना विद्यार्थियों की पढ़ाई की राह को सुलभ और सुगम बनाने का कार्य कर रही है, विशेषकर उन छात्रों के लिए जो दूरस्थ ग्रामीण अंचलों से शिक्षा प्राप्त करने हेतु विद्यालय आते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से नियमित रूप से विद्यालय आने और उज्ज्वल भविष्य के लिए कड़ी मेहनत करने का आह्वान भी किया।
इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी लखन लाल बागरी, बीआरसी प्रेम कुमार कोरी एवं मॉडल स्कूल के प्राचार्य राम विशाल सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, शाला कर्मचारी, अभिभावकगण एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भी सहभागिता दर्ज कर कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम के संचालन और व्यवस्थापन में विद्यालय स्टाफ ने विशेष भूमिका निभाई। सभी उपस्थितजनों ने साइकिल वितरण योजना की सराहना करते हुए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। इस योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल शैक्षणिक सुविधा मिल रही है, बल्कि उनके मनोबल में भी सकारात्मक वृद्धि हो रही है।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष सुनीता दुबे ने गुरु पूर्णिमा के संदर्भ में कहा कि गुरु का स्थान जीवन में सर्वोच्च होता है और विद्यार्थियों के लिए यह दिन शिक्षा की दिशा में दृढ़ संकल्प लेने का श्रेष्ठ अवसर है। उन्होंने विद्यालय परिवार की गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास ही शिक्षा क्षेत्र को सशक्त बनाते हैं।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों की प्रसन्नता और अभिभावकों की संतुष्टि के साथ हुआ। विद्यालय प्रबंधन एवं उपस्थित अधिकारियों द्वारा सभी छात्रों को शुभकामनाएं दी गईं और भविष्य में ऐसी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन की आशा व्यक्त की गई।
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी,ग्रामीण खबर mp
संपर्क सूत्र:9977110734




