संभावित बाढ़ आपदा से निपटने एसडीआरएफ ने उमरियापान में चलाया विशेष प्रशिक्षण अभियान, रेस्क्यू तकनीकों का किया लाइव प्रदर्शन।
पुलिस, वन विभाग, होमगार्ड, ग्राम रक्षा समिति और स्थानीय तैराकों को आपदा प्रबंधन की बारीकियों का दिया गया प्रशिक्षण।
उमरिया पान,ग्रामीण खबर mp:
जिले में लगातार हो रही भारी वर्षा और संभावित बाढ़ संकट को ध्यान में रखते हुए राज्य आपदा राहत बल (SDRF) द्वारा शनिवार को थाना उमरियापान परिसर में एक दिवसीय विशेष बचाव प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में पुलिस बल, होमगार्ड, वन विभाग, सिविल डिफेंस, ग्राम रक्षा समिति एवं अन्य विभागीय अमले को तत्पर एवं दक्ष बनाना था, ताकि आपदा के समय त्वरित, सुरक्षित और समन्वित राहत कार्य संचालित किए जा सकें।
एसडीआरएफ की टीम द्वारा बाढ़ आपदा से जुड़े विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण सत्र में रेस्क्यू ऑपरेशन की बारीकियां, राफ्ट बोट चलाने की तकनीक, रस्सियों का उपयोग करके फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की विधियाँ, पानी में डूबते व्यक्ति को बचाने की रणनीति, प्राथमिक उपचार एवं CPR की जानकारी, तथा सामूहिक बचाव कार्यों के दौरान सामंजस्य बनाकर कार्य करने के व्यावहारिक अभ्यास करवाए गए।
प्रशिक्षण में कई जमीनी हालातों को ध्यान में रखकर लाइव डेमो प्रस्तुत किए गए जिससे उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को रियल टाइम परिस्थितियों का अनुभव हो सके। इस दौरान बाढ़ के समय आने वाली चुनौतियों एवं उनसे निपटने की रणनीतियों को विस्तार से बताया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेष रूप से ढीमरखेड़ा एसडीएम निधि सिंह गोयल, स्लीमनाबाद एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी, रेंजर उमरियापान अजय मिश्रा, थाना प्रभारी उमरियापान दिनेश तिवारी, एसडीआरएफ प्लाटून कमांडर श्वेता गुप्ता, ढीमरखेड़ा एवं उमरियापान थाने का पुलिस स्टाफ, नगर सैनिक, वन रक्षक, ग्राम रक्षा समिति के सदस्य, क्षेत्रीय तैराक एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने भी प्रशिक्षण की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस प्रकार के अभ्यास से न केवल अमला तैयार होता है बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी जागरूकता का प्रसार होता है। आपदा के समय त्वरित निर्णय और सही तकनीकें जीवन बचाने में बेहद सहायक होती हैं।
प्रशिक्षण समाप्ति के पश्चात कटनी पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की कि बाढ़ या किसी भी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में अफवाहों से बचें, घबराएं नहीं और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता के लिए मध्य प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम के टोल फ्री नंबर 100, 1079 और 1070 पर संपर्क करें।
इसके अतिरिक्त कटनी जिले में भारी बारिश या बाढ़ की स्थिति में जिला बाढ़ नियंत्रण कंट्रोल रूम नंबर 07622-292740 एवं पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 7587615946 पर तत्काल जानकारी दें, जिससे समय रहते उचित सहायता पहुंचाई जा सके।
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी,ग्रामीण खबर mp
संपर्क सूत्र:9977110734





