हाईवे पर राहगीरों को लूटने वाले अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़, मास्टरमाइंड 'चूहा' पुलिस गिरफ्त में।
मुख्य आरोपी इतवार सिंह उर्फ चूहा ने पुलिस पूछताछ में कबूली कई लूट की वारदातें, नकली सोने की बिस्किट व हथियार जब्त, अन्य सदस्य अब भी फरार।
कटनी,ग्रामीण खबर mp:
कटनी पुलिस ने हाईवे पर राहगीरों से लूटपाट करने वाले एक अंतरजिला संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के सरगना इतवार सिंह बहेलिया उर्फ चूहा को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। थाना कोतवाली अंतर्गत चौकी बस स्टैंड क्षेत्र में विगत दिनों हुई लूट की वारदात के मुख्य आरोपी चूहा को 21 जून 2025 को जिला छतरपुर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह गिरफ्तारी की गई, जो हाईवे पर बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाने हेतु संचालित किया जा रहा है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस अभिरक्षा में पूछताछ के दौरान इतवार सिंह ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों टीच पारधी और रुबा पारधी सहित अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से रात के अंधेरे में हाईवे पर चल रहे वाहनों और यात्रियों को निशाना बनाते थे। आरोपी गिरोह द्वारा नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन, बैग और वाहन तक लूटे जाते थे। वारदात को अंजाम देने के बाद वे जंगलों की ओर भाग जाते थे जिससे पुलिस को उन्हें पकड़ने में कठिनाई होती थी।
आरोपी इतवार सिंह बहेलिया ने चौकी बस स्टैंड क्षेत्र में हाईवे पर महिला से सोने का लॉकेट, 18,000 रुपये नकद व अन्य सामान लूटने की घटना स्वीकार की है। उक्त घटना के संबंध में प्रकरण क्रमांक 529/25 धारा 309(4) बीएनएस में मामला दर्ज है। इसके अलावा आरोपी ने कुठला, स्लीमनाबाद, मैहर, झुकेही और अमदरा जैसे प्रमुख हाईवे क्षेत्रों में भी लूट की घटनाएं करने की बात स्वीकार की है। पुलिस द्वारा अन्य जिलों में हुई लूट की वारदातों की भी जानकारी एकत्र की जा रही है।
इतवार सिंह बहेलिया उर्फ चूहा पर पहले से ही जिला पन्ना के विभिन्न थानों में गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें –
अप.क्र. 592/20 धारा 294, 323, 34, 506 भादवि
अप.क्र. 224/20 धारा 420, 34 भादवि
अप.क्र. 225/22 धारा 3(1), 3(1)5, 3(2) हत्या
अप.क्र. 746/21 धारा 395, 397 भादवि
अप.क्र. 118/21 धारा 294, 324, 34, 506 भादवि
थाना अजयगढ़ जिला पन्ना में अप.क्र. 118/19 धारा 34 आबकारी एक्ट
शामिल हैं।
पुलिस द्वारा बताया गया कि गिरोह के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। कटनी पुलिस ने लूट में प्रयुक्त हथियारों एवं ठगी में उपयोग की जाने वाली नकली सोने की बिस्किट बरामद करने हेतु हरदुआ, खिरहनी, बहिरघटा, चपना, दरोड़ी, धौरा, छिदिया टोला एवं हीरापुर क्षेत्रों में दबिश दी। दबिश के दौरान कई संदिग्ध गतिविधियों के प्रमाण मिले हैं जिनके आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी से बच रहे अन्य आरोपियों पर पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा इनाम घोषित किया गया है। विभिन्न टीमों को गठित कर लगातार ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और शीघ्र ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई गई है।
कटनी पुलिस की इस कार्यवाही को जिलेभर में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस की तत्परता एवं सतर्कता से हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आमजन में विश्वास बढ़ा है। साथ ही, पुलिस द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि इस प्रकार की संगठित आपराधिक गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही जारी रहेगी।