कटनी में कांग्रेस का दो दिवसीय संगठन सृजन अभियान 11 और 12 जून को, वरिष्ठ पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में होगा व्यापक संवाद।
राष्ट्रीय पर्यवेक्षक राघवेंद्र सिंह, एन पी प्रजापति और रीवा महापौर अजय मिश्रा की रहेगी विशेष उपस्थिति, कांग्रेस संगठन को सशक्त करने की दिशा में होगा विचार-विमर्श।
कटनी,ग्रामीण खबर mp:
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे "संगठन सृजन अभियान" के तहत मध्यप्रदेश के कटनी जिले में 11 एवं 12 जून को दो दिवसीय संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर पर पार्टी संगठन को पुनः संरचित करना, मजबूत नेतृत्व तैयार करना तथा सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक रूप से जोड़ना है।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष करण सिंह चौहान ने इस संबंध में प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि यह महत्वपूर्ण आयोजन नई बस्ती स्थित वरुण भवन (धर्मलोक अस्पताल के सामने) में संपन्न होगा, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेता एवं पर्यवेक्षक भाग लेंगे।
इस अभियान के तहत जिला अध्यक्षों की नियुक्ति और संगठन विस्तार की प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक के रूप में छत्तीसगढ़ के विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह, मध्यप्रदेश कांग्रेस के पर्यवेक्षक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एन पी प्रजापति, पर्यवेक्षक अजय मिश्रा (महापौर रीवा) और कटनी जिले के प्रभारी वीरेंद्र द्विवेदी (महामंत्री, मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी) उपस्थित रहेंगे। यह सभी वरिष्ठ नेता संगठन के विभिन्न स्तरों पर संवाद स्थापित कर सुझाव, समस्याएं और समाधान की दिशा में काम करेंगे।
11 जून, बुधवार को कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 12 बजे पत्रकार वार्ता के साथ होगी, जिसमें अभियान की रूपरेखा, उद्देश्यों और संगठनात्मक रणनीतियों की जानकारी साझा की जाएगी। इसके पश्चात् दोपहर 1 बजे जिला कांग्रेस समन्वय समिति की बैठक आयोजित की जाएगी जिसमें संगठन की वर्तमान स्थिति, विगत कार्यकाल की समीक्षा और आगामी दिशा पर विचार-विमर्श होगा। इसी दिन दोपहर 3:30 बजे निर्वाचित जनप्रतिनिधिगण, नगर निगम एवं नगरपालिका के पार्षदगण, पूर्व प्रत्याशीगण, वरिष्ठ कांग्रेसजन एवं विस्तारित शहर कांग्रेस कमेटी कटनी के सदस्यों के साथ सामूहिक बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में शहरी राजनीतिक मुद्दों, संगठन की आवश्यकताओं और कार्यकर्ताओं की भागीदारी पर विशेष चर्चा होगी।
अभियान का दूसरा दिन 12 जून, गुरुवार को समर्पित रहेगा ग्रामीण और फ्रंटल संगठनात्मक इकाइयों के संवाद को। दोपहर 12 बजे समस्त ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों के साथ बैठक रखी गई है, जिसमें ग्रामीण क्षेत्र के संगठनात्मक हालात, विस्तार की योजना, कार्यकर्ता प्रशिक्षण और स्थानीय जनसमस्याओं के समाधान पर गहन चर्चा की जाएगी। इसके बाद 1 बजे फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन (NSUI, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस आदि) एवं सभी प्रकोष्ठों के जिला अध्यक्षों के साथ संवाद होगा। इसमें संगठन की विशेष भूमिकाओं, जनसंपर्क अभियानों और सामाजिक मुद्दों पर संगठन की भागीदारी पर विचार होगा।
अंतिम सत्र दोपहर 3 बजे से शुरू होगा, जिसमें ग्रामीण कटनी के निर्वाचित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नेता एवं विस्तारित जिला कांग्रेस कमेटी के साथ बैठक का आयोजन होगा। यह सत्र संगठन को पंचायत और ग्राम स्तर तक मजबूत करने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यक्रम का समापन संगठनात्मक दिशा और नीतियों को लेकर पारस्परिक सहमति एवं सहयोग की भावना के साथ किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिले के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और पूर्व प्रत्याशियों को आमंत्रित किया गया है। यह दो दिवसीय अभियान कांग्रेस पार्टी के लिए न केवल संगठनात्मक मजबूती का प्रतीक होगा, बल्कि आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों की तैयारियों की दृष्टि से भी एक सशक्त आधार तैयार करेगा।