विलायत कला मंडल में सम्पन्न हुई भाजपा की महत्वपूर्ण मंडल कार्यशाला, मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों और आगामी राष्ट्रीय आयोजनों पर हुआ विस्तृत मंथन।
"संकल्प से सिद्धि तक" अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यशाला में आगामी कार्यक्रमों की रणनीति, जन-जागरण और संगठनात्मक मजबूती पर केंद्रित रहा संवाद।
विलायतकला,ग्रामीण खबर mp:
भारतीय जनता पार्टी द्वारा आज विलायत कला मंडल में एक विशेष और अति आवश्यक मंडल कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का आयोजन केंद्रीय नेतृत्व तथा प्रदेश अध्यक्ष-सांसद विष्णुदत्त शर्मा, जिला अध्यक्ष दीपक टंडन "सोनी" एवं जिला प्रभारी संजय साहू के निर्देशानुसार किया गया। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में "संकल्प से सिद्धि तक" अभियान के तहत देशभर में हो रहे आयोजनों की श्रृंखला का एक अहम हिस्सा रहा।
कार्यशाला का मूल उद्देश्य मोदी सरकार के 11 वर्षों की जनहितकारी योजनाओं, नीतियों, सुधारों तथा वैश्विक स्तर पर भारत की सशक्त होती छवि को आमजन तक पहुँचाना था। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मोदी सरकार ने बीते 11 वर्षों में देश के सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक एवं वैश्विक आयामों में अभूतपूर्व प्रगति की है। चाहे वह जन-धन योजना, उज्ज्वला योजना, पीएम आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत हो या भारत की वैश्विक कूटनीतिक साख — इन सभी क्षेत्रों में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं।
कार्यशाला में आगामी राष्ट्रीय कार्यक्रमों जैसे 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस, 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस और 25 जून को आपातकाल की 50वीं बरसी — इन सभी महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को इन आयोजनों को जनसंपर्क के साथ जोड़ते हुए जागरूकता अभियान चलाने की जिम्मेदारी दी गई।
बैठक में मंडल प्रभारी विजय दुबे, अनुसूचित जनजाति जिला अध्यक्ष राजेंद्र कोल, मंडल अध्यक्ष अजय सोनी, पूर्व मंडल अध्यक्ष गजेंद्र उपाध्याय, मंडल महामंत्री भुवनेश्वर त्रिपाठी एवं पुष्पेंद्र गोस्वामी, मंडल उपाध्यक्ष सोनेलाल साहू, पूरनलाल विश्वकर्मा, महेश रजक, नीरज उपाध्याय, राहुल रजक, संदीप महोबिया, आकाश चौधरी, अनिल दुबे, भूपेश कांत मिश्रा, महेश कुशवाहा, गणेशपुरी गोस्वामी, भीम सिंह, रामायण प्रताप सिंह तथा सभी संयोजक एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।
इस कार्यशाला में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ ही नए एवं युवा कार्यकर्ताओं की भी सक्रिय भागीदारी रही। उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने, सरकार की योजनाओं को अंतिम पंक्ति तक पहुँचाने तथा आने वाले आयोजनों को प्रभावी ढंग से संचालित करने हेतु सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यशाला का वातावरण अत्यंत उत्साहवर्धक और प्रेरणास्पद रहा। उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 11 वर्षों की उपलब्धियों को गौरव से स्मरण करते हुए आने वाले वर्षों में पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने हेतु पूर्ण निष्ठा से कार्य करने का वचन दोहराया। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से "संकल्प से सिद्धि तक" अभियान को जन-जन तक पहुँचाने की शपथ ली।