राज्य मंत्री का दर्जा मिलने पर विदिशा जिला पंचायत अध्यक्ष गीता कैलाश रघुवंशी बनीं जिले की गौरवशाली प्रतिनिधि।

राज्य मंत्री का दर्जा मिलने पर विदिशा जिला पंचायत अध्यक्ष गीता कैलाश रघुवंशी बनीं जिले की गौरवशाली प्रतिनिधि।

नई जिम्मेदारी के साथ विकास की दिशा में नया अध्याय, जिले को मिलेगा मजबूती और प्रगति का संबल।

विदिशा,ग्रामीण खबर एमपी:

मध्यप्रदेश शासन द्वारा सभी जिला पंचायत अध्यक्षों को राज्य मंत्री का दर्जा प्रदान करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। इस निर्णय के अंतर्गत विदिशा जिले की जिला पंचायत अध्यक्ष गीता कैलाश रघुवंशी को भी यह गौरवपूर्ण दर्जा प्राप्त हुआ है। यह न केवल उनके व्यक्तिगत योगदान का सम्मान है, बल्कि समूचे जिले के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय भी है।

राज्य शासन के इस निर्देश के पालन में जिला पंचायत विदिशा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा एक महत्वपूर्ण आधिकारिक पत्र जारी किया गया है, जिसमें जिले के सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे श्रीमती रघुवंशी को राज्य मंत्री के समकक्ष प्रोटोकॉल प्रदान करें। इस निर्णय से प्रशासनिक व्यवस्था में अनुशासन, कार्यसंवेदनशीलता तथा पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा, जिससे जिले के विकास कार्यों में सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त करने के पश्चात श्रीमती गीता कैलाश रघुवंशी को जिले भर से बधाइयों का तांता लग गया है। उनके समर्थकों, सहयोगियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों ने इस उपलब्धि पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अपने वक्तव्य में उन्होंने इस सम्मान को व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सम्पूर्ण विदिशा जिले की जनता, विशेषकर ग्रामीण समुदाय और पंचायती राज व्यवस्था की सामूहिक उपलब्धि बताया।

उन्होंने कहा कि यह दर्जा केवल सम्मान नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी है, जिसे वह जिले के विकास, सेवा और जनकल्याण के कार्यों में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगी। श्रीमती रघुवंशी ने स्पष्ट किया कि वे इस उपलब्धि को अपनी नहीं, जनता की जीत मानती हैं।

इस मौके पर उन्होंने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन के सहयोग और सतत समर्थन से ही यह उपलब्धि संभव हो सकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि अब जिले में चल रहे विकास कार्यों को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों को विशेष लाभ पहुंचेगा और नागरिकों के जीवनस्तर में भी सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलेगा।

यह निर्णय न केवल प्रशासनिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त करने की दिशा में भी एक ठोस पहल है। श्रीमती रघुवंशी ने कहा कि वे निरंतर प्रयास करेंगी कि शासन की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।

जिले में इस निर्णय के बाद से उत्साह का माहौल है। विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं राजनीतिक संगठनों ने इस निर्णय की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि विदिशा जिले को इससे विकास की नई उड़ान मिलेगी।


ग्रामीण खबर एमपी, विदिशा जिला ब्यूरो चीफ: यशवंत सिंह रघुवंशी

Post a Comment

Previous Post Next Post