भारत शौर्य तिरंगा यात्रा आज विजयराघवगढ़ में: ऐतिहासिक किले से उठेगा देशभक्ति का बिगुल।

 भारत शौर्य तिरंगा यात्रा आज विजयराघवगढ़ में: ऐतिहासिक किले से उठेगा देशभक्ति का बिगुल।

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और वीर जवानों के सम्मान में निकलेगी यात्रा, विधायक संजय पाठक सहित हजारों नागरिक लेंगे भाग।

कटनी, ग्रामीण खबर mp:

भारत की सीमाओं की रक्षा में सदा तत्पर रहने वाली भारतीय सेना ने हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान में स्थित आतंकवादी ठिकानों के साथ-साथ पाक सेना के सैन्य अड्डों को भी सफलतापूर्वक नष्ट किया। इस अभियान ने न केवल भारत की सैन्य क्षमता का प्रदर्शन किया, बल्कि पूरे देश में वीरता, साहस और गर्व की लहर दौड़ा दी। इसी परिप्रेक्ष्य में विजयराघवगढ़ नगर में आज बुधवार को भारत शौर्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जो एक जनजागरण का प्रतीक बनकर उभरेगा।

यह ऐतिहासिक यात्रा विजयराघवगढ़ के गौरवशाली किले से शाम 5 बजे आरंभ होकर संकटमोचन मंदिर चौराहा, मुख्य बाजार, आजाद चौक होते हुए जनपद पंचायत कार्यालय के सामने समाप्त होगी। आयोजन का मुख्य उद्देश्य भारतीय सेना के अद्वितीय शौर्य को नमन करना, वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करना तथा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता का उत्सव पूरे जनसमुदाय के साथ साझा करना है।

यात्रा का आयोजन ‘राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति संकल्पित विजयराघवगढ़ विधानसभा के समस्त आम नागरिकों’ के बैनर तले किया जा रहा है। इस आयोजन में क्षेत्रीय विधायक संजय पाठक के साथ सेवानिवृत्त सैनिक, सर्व समाज के प्रतिनिधि, युवाजन, विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक संगठनों के कार्यकर्ता तथा हजारों की संख्या में आम नागरिक भाग लेंगे। आयोजन में सभी जाति, धर्म, वर्ग और समुदाय के लोगों की एकजुटता भारत की अखंडता और सामूहिक चेतना का सशक्त प्रतीक बनेगी।

इस यात्रा के माध्यम से यह संदेश भी जाएगा कि भारत न केवल अपने वीर सैनिकों के बलिदान को याद करता है, बल्कि हर परिस्थिति में राष्ट्र की रक्षा के लिए एकजुट होकर खड़ा रहता है। तिरंगा यात्रा भारत के आत्मसम्मान, अखंडता और सामरिक संकल्प का सार्वजनिक उद्घोष बनेगी, जिसमें हिस्सा लेना हर नागरिक का सौभाग्य होगा।

आयोजनकर्ताओं ने क्षेत्रवासियों से इस विशेष अवसर पर अपने परिवार, मित्रों और समाज के सभी वर्गों के साथ इस तिरंगा यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान किया है। देशप्रेम, एकता और श्रद्धा के इस अद्वितीय आयोजन से विजयराघवगढ़ एक बार फिर ऐतिहासिक पृष्ठभूमि में स्वर्णिम अक्षरों में अंकित हो जाएगा।


प्रधान संपादक:अज्जू सोनी,ग्रामीण खबर mp
संपर्क सूत्र:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post