नर्सरी के मासूम की स्कूल में संदिग्ध हालात में मौत,शरीर पर चोट और यौन उत्पीड़न की आशंका।
प्रयागराज के कॉन्वेंट स्कूल में चार वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत, पोस्टमार्टम में मिले गंभीर निशान, दो शिक्षिकाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज।
प्रयागराज,ग्रामीण खबर MP:
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कॉन्वेंट स्कूल में नर्सरी कक्षा में पढ़ने वाले चार वर्षीय मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। बच्चे के शरीर पर मिले चोट के निशान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर परिजन और पुलिस स्कूल प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल उठा रहे हैं।
घटना नैनी थाना क्षेत्र के महेवा पश्चिम की है। मृतक छात्र एक निजी कॉन्वेंट स्कूल में नर्सरी कक्षा का छात्र था। गुरुवार को बच्चा स्कूल गया था, लेकिन कुछ ही समय बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही और बच्चे के साथ मारपीट का आरोप लगाया है। मृतक बच्चे की मां और अन्य परिजनों द्वारा दी गई तहरीर पर पुलिस ने नैनी थाने में स्कूल की दो शिक्षिकाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
डीसीपी यमुनानगर जोन विवेक चंद्र यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे के आइब्रो के ऊपर कट का निशान पाया गया है, वहीं उसकी जीभ दांत से कटी हुई पाई गई है। इसके अलावा, डॉक्टरों ने बच्चे के निजी अंगों को लेकर भी चिंता व्यक्त की है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि बच्चे के साथ यौन उत्पीड़न हो सकता है।
पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं से मामले की जांच में जुटी हुई है। स्कूल और घर के बीच लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके। डीसीपी ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और जांच निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर से स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। मासूम बच्चों की देखभाल की जिम्मेदारी जिनके कंधों पर होती है, अगर वही दोषी पाए जाएं तो यह समाज के लिए एक बड़ा खतरा है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने इस घटना को लेकर आक्रोश जताया है और न्याय की मांग की है।
