मानवता की सेवा में अनवरत समर्पित डॉ. मणिकांत दाहिया को जनसेवा समिति द्वारा किया गया सम्मानित।
निर्धन, बेसहारा और दिव्यांगजनों के लिए सतत समर्पण का हुआ सम्मान।
गोसलपुर:
ग्राम बेला के निवासी डॉ. मणिकांत दाहिया का नाम क्षेत्र में सेवा, समर्पण और मानवता के प्रतीक के रूप में लिया जाता है। डॉ. दाहिया वर्षों से निर्धन, गरीब, बेसहारा, दिव्यांगजन, विधवा एवं अभावग्रस्त लोगों के लिए निःशुल्क अथवा सुलभ स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के लिए सतत कार्य कर रहे हैं। उनका उद्देश्य सदैव यही रहा है कि कोई भी व्यक्ति स्वास्थ्य सेवाओं के अभाव में पीड़ित न रहे और समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक चिकित्सा सुविधा सहजता से पहुँच सके।
गत दिवस जनसेवा समिति के अध्यक्ष हेमचंद असाटी एवं सचिव नरेश तंतुवाय सहित समिति के समस्त पदाधिकारियों ने एक सामूहिक आयोजन के दौरान डॉ. मणिकांत दाहिया के इस अतुलनीय सेवाभाव का सम्मान किया। आयोजन स्थल पर समिति के वरिष्ठ सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में डॉ. दाहिया को स्मृति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि डॉ. दाहिया जैसे लोग समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं जो अपने निजी हितों से ऊपर उठकर जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं।
डॉ. मणिकांत दाहिया ने सम्मान प्राप्त करते समय अपने संक्षिप्त उद्बोधन में कहा कि सेवा ही उनका संकल्प है और वे अंतिम सांस तक इसी कार्य को समर्पित रहेंगे। उन्होंने समिति एवं आयोजनकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समाजसेवा के इस पथ पर और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम के समापन पर जनसेवा समिति ने यह भी संकल्प लिया कि भविष्य में ऐसे अन्य सेवाभावी कार्यों और व्यक्तित्वों को भी मंच प्रदान कर समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया जाएगा। उपस्थित लोगों ने डॉ. दाहिया को शुभकामनाएँ दीं और उनके सेवाकार्य को सराहा।