आंगनवाड़ी केंद्रों में हुआ ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम,जनभागीदारी और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सिलौंडी में आयोजन,जनप्रतिनिधियों ने किया पौधारोपण,बच्चों,माताओं के पोषण व स्वास्थ्य को लेकर दी गई जानकारी।
सिलौंडी। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ग्राम पंचायत सिलौंडी के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने सहभागिता कर पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर के आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 26 सितंबर से 5 अक्टूबर 2026 तक ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत सिलौंडी के आंगनवाड़ी केंद्रों में सामूहिक रूप से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम में पहुंचे जनप्रतिनिधियों का आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर भावपूर्ण स्वागत किया गया। इस अवसर पर सरपंच, पंचो संतोष कुमार, उपसरपंच राहुल राय एवं पंच फूला बाई काछी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जनप्रतिनिधियों द्वारा पौधारोपण किया गया। साथ ही लगाए गए पौधों के संरक्षण और उनकी नियमित देखभाल की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं ग्राम पंचायत सिलौंडी के उपसरपंच राहुल राय ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की जनकल्याणकारी सेवाओं और योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना तथा आंगनवाड़ी केंद्रों में जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र केवल बच्चों की देखभाल और पोषण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से माताओं, बच्चों और महिलाओं से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां एवं सेवाएं भी लोगों तक पहुंचाई जाती हैं।
उन्होंने कहा कि ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों और माताओं के पोषण, स्वास्थ्य, टीकाकरण तथा महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और अन्य सामाजिक गतिविधियों को भी अभियान से जोड़ा गया है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में जनभागीदारी के माध्यम से सकारात्मक वातावरण तैयार किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने ‘मेरी आंगनवाड़ी, मेरी जिम्मेदारी’ की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग से आंगनवाड़ी केंद्रों की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर जागरूक रहने की अपील की।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों के साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं से जुड़ने, स्वच्छता अपनाने, पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधों की देखभाल करने तथा बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।


