थाना विजयराघवगढ़ में चला विशेष अभियान,स्कूली वाहनों की हुई सघन चेकिंग।
करीब 40 वाहनों के दस्तावेजों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का किया सत्यापन,चालकों को यातायात नियमों के पालन की दी हिदायत।
विजयराघवगढ़। थाना क्षेत्र में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विजयराघवगढ़ पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर निजी एवं अर्द्धशासकीय स्कूलों में संचालित स्कूली वाहनों की सघन जांच की गई। 9 सितम्बर 2026 को थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया शुरू की है।
इसी क्रम में 13 सितम्बर 2026 को थाना विजयराघवगढ़ में क्षेत्र के विभिन्न निजी एवं अर्द्धशासकीय स्कूलों में संचालित वाहनों को बुलाकर उनकी जांच की गई। पुलिस टीम द्वारा प्रत्येक वाहन के आवश्यक दस्तावेजों का बारीकी से अवलोकन किया गया। इसके साथ ही वाहन चालकों के संबंध में थाना स्तर पर उपलब्ध आपराधिक अभिलेखों की जानकारी लेकर उनका सिलसिलेवार सत्यापन किया गया तथा आवश्यक विवरण रजिस्टर में दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने केवल दस्तावेजों की औपचारिक जांच तक ही सीमित न रहते हुए वाहनों का भौतिक सत्यापन भी किया। वाहनों के दरवाजे सही तरीके से संचालित हो रहे हैं या नहीं, बच्चों के बैठने की व्यवस्था सुरक्षित है या नहीं तथा बच्चों की सुरक्षा से संबंधित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं वाहन में मौजूद हैं या नहीं, इन सभी बिंदुओं को जांच के दायरे में रखा गया।
थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि अवकाश के दिनों में विशेष अभियान चलाने का उद्देश्य यह है कि स्कूल संचालित होने के दौरान बच्चों को लेकर चलने वाले वाहनों को अनावश्यक रूप से रोककर परेशानी न हो और इसके बावजूद स्कूली वाहनों की सुरक्षा संबंधी जांच भी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने बताया कि यह जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। खबर लिखे जाने तक लगभग 40 स्कूली वाहनों की जांच की जा चुकी थी।
चेकिंग के दौरान पुलिस द्वारा वाहन चालकों, स्कूल संचालकों तथा वाहन स्वामियों को शासन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों और यातायात संबंधी कानूनों की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने स्पष्ट रूप से हिदायत दी कि स्कूली वाहनों के सभी दस्तावेज अद्यतन रखे जाएं और वाहन में बच्चे बैठे होने की स्थिति में चालक विशेष सावधानी बरतें।
पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित सुरक्षा मानकों का ध्यान रखने तथा बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूल संस्थापकों और वाहन स्वामियों से भी अपेक्षा की गई कि वे अपने स्तर पर वाहनों की नियमित जांच कराते रहें और किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर उसे तत्काल दूर कराएं।
विजयराघवगढ़ पुलिस का यह अभियान स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार वाहनों की जांच की प्रक्रिया 14 सितम्बर को भी जारी रहेगी, जिसमें शेष स्कूली वाहनों का सत्यापन किया जाएगा।


