श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर मानवता की मिसाल,निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में श्रद्धालुओं का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण।
समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी की पहल,करीब 180 लोगों का चेकअप और 50 से 70 लोगों की हुई बीपी जांच।
कटनी। प्रभु श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर जहां शहरभर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धार्मिक आयोजन किए गए, वहीं मानवता और जनसेवा की भावना से प्रेरित एक सराहनीय पहल भी देखने को मिली। समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी के नेतृत्व में श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों के लिए निःशुल्क प्राथमिक स्वास्थ्य उपचार केंद्र एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 180 लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चेकअप किया गया, जबकि करीब 50 से 70 लोगों का बीपी भी जांचा गया।
यह निःशुल्क प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नवजीवन हॉस्पिटल, सर्वधर्म जनसेवा मंच समिति एवं मुख्य प्रधानमंत्री संजीवनी हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में समभाव, सामाजिक विकास, सामाजिक समरसता, मानवता एवं जनहित की भावना से आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन सत्यनारायण मंदिर के सामने वरिष्ठ समाजसेवी राजकुमार सिंघानियां के निज निवास पर किया गया, जहां दूर ग्रामीण क्षेत्रों सहित शहरी क्षेत्र से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में शामिल होने पहुंचे श्रद्धालुओं और उनके परिजनों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
शिविर के दौरान चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों सहित अन्य लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। बरसात के मौसम में होने वाली विभिन्न मौसमी बीमारियों को लेकर लोगों को जागरूक भी किया गया। विशेष रूप से छोटे बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर उनके माता-पिता एवं अभिभावकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
शिविर में खांसी, दस्त, पेट दर्द, सर्दी-जुकाम, बुखार, सिरदर्द, चक्कर आना, भूख न लगना सहित सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं से संबंधित आवश्यक दवाइयां भी जरूरतमंदों को निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। चिकित्सकों ने लोगों को मौसम के अनुरूप खान-पान, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में जानकारी दी।
समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी ने शिविर में पहुंचे श्रद्धालुओं एवं अभिभावकों को बरसात के मौसम में अपने आसपास साफ-सफाई रखने, घरों एवं आसपास के गड्ढों में पानी जमा नहीं होने देने तथा मच्छरों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने के लिए स्वच्छ वातावरण और समय पर स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी है।
स्वास्थ्य शिविर में बड़े-बुजुर्गों की भी विशेष रूप से स्वास्थ्य जांच की गई। कई बुजुर्गों ने कमर एवं घुटनों के दर्द सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों की जानकारी चिकित्सकों को दी, जिस पर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया। शिविर के दौरान लोगों के चेहरों पर मुस्कान देखने को मिली और आयोजकों ने सभी के स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
शिविर के सफल आयोजन में डॉ. राहुल पांडेय, डॉ. आर.एस. साहू, सर्वधर्म जनसेवा मंच समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश सैनी, देवेंद्र कुमार दुबे मेडिकल, धीरज वर्मा, देवेश दुबे तथा संजीवन हॉस्पिटल प्रेम नगर के स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी रिजवान खान का विशेष सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में कटनी जिला ब्राह्मण समाज महिला अध्यक्ष डॉ. ऊषा पांडेय, पूर्व जिला अध्यक्ष कल्पना दुबे, पूर्व नगर अध्यक्ष गीता पाठक, वार्ड पार्षद डब्बू रजक, नगर निगम एल्डरमैन वेंकट मिश्रा, प्रमिला दाहिया, मालती प्रजापति सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों का भी सहयोग प्राप्त हुआ।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव जैसे धार्मिक एवं आस्था से जुड़े अवसर पर स्वास्थ्य सेवा को जनसेवा से जोड़कर आयोजित किए गए इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर की लोगों ने सराहना की। श्रद्धालुओं का कहना रहा कि धार्मिक आयोजन के साथ जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सुविधा और जागरूकता प्रदान करना समाज में सेवा, समरसता और मानवता की भावना को मजबूत करने वाला कार्य है।


