शिक्षक दिवस पर सिलौंडी में सेवानिवृत्त शिक्षकों का हुआ सम्मान,सेवाकाल के अनुभव साझा कर नई पीढ़ी को दिया प्रेरणादायी संदेश।

 शिक्षक दिवस पर सिलौंडी में सेवानिवृत्त शिक्षकों का हुआ सम्मान,सेवाकाल के अनुभव साझा कर नई पीढ़ी को दिया प्रेरणादायी संदेश।

सिलौंडी शासकीय कन्या हाई स्कूल में प्राचार्य विशाल वरकड़े ने किया क्षेत्र के वरिष्ठ शिक्षकों का अभिनंदन।

सिलौंडी। शिक्षक दिवस के अवसर पर सिलौंडी शासकीय कन्या हाई स्कूल में प्रतिवर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए क्षेत्र के सेवानिवृत्त शिक्षकों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य विशाल वरकड़े ने क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाले सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान कर उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ शिक्षकों जयनारायण राय, भीष्म लाल तिवारी, विजय बागरी, सी.एल. ठाकुर, के.एल. दुबे, रामकिशोर राय नेगाई, सुशील जैन, राजेश राय, स्नेहलता राय, करुणा राय एवं जीवनलाल बागरी का सम्मान किया गया। विद्यालय परिवार की ओर से सेवानिवृत्त शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए योगदान को सराहा गया।

सम्मान समारोह के दौरान सेवानिवृत्त शिक्षकों ने अपने-अपने शिक्षक जीवन के अनुभव विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों के साथ साझा किए। उन्होंने बताया कि शिक्षक का दायित्व केवल विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि उन्हें संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और जिम्मेदारी का बोध कराकर एक बेहतर नागरिक बनाना भी है। शिक्षकों ने अपने सेवाकाल के दौरान आई चुनौतियों, विद्यार्थियों के साथ बिताए यादगार पलों और शिक्षा के क्षेत्र में हुए बदलावों से जुड़े अनुभव भी साझा किए।

इस अवसर पर शिक्षकों ने वर्तमान पीढ़ी के विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ शिक्षा प्राप्त करने तथा अपने माता-पिता, गुरुजनों और समाज का सम्मान करने का संदेश दिया। सेवानिवृत्त शिक्षकों के अनुभव सुनकर उपस्थित लोगों ने उनके दीर्घकालीन योगदान को याद किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी सम्मानित सेवानिवृत्त शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित यह सम्मान समारोह गुरुजनों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और नई पीढ़ी को उनके अनुभवों से जोड़ने का सार्थक प्रयास रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post