कछार गांव बड़ा में अवैध शराब पैकारी के खिलाफ महिलाओं ने खोला मोर्चा,पुलिस को सौंपा ज्ञापन।

 कछार गांव बड़ा में अवैध शराब पैकारी के खिलाफ महिलाओं ने खोला मोर्चा,पुलिस को सौंपा ज्ञापन।

कच्ची शराब और अवैध बिक्री बंद कराने की मांग,भाजपा मंडल उपाध्यक्ष शैलेश जैन एवं सरपंच कैलाश चंद्र जैन ने महिलाओं के साथ उठाई आवाज।

सिलौंडी। कछार गांव बड़ा में कथित रूप से चल रही कच्ची शराब एवं अवैध शराब पैकारी से परेशान महिलाओं ने अब इसके खिलाफ आवाज उठाते हुए पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। गांव की महिलाओं ने अपनी समस्या ग्राम पंचायत के सरपंच कैलाश चंद्र जैन के समक्ष रखी और गांव में अवैध रूप से शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की।

सरपंच कैलाश चंद्र जैन की पहल पर सिलौंडी चौकी प्रभारी अनिल पांडे कछार गांव बड़ा स्थित ग्राम पंचायत भवन पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीण महिलाओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना तथा अवैध शराब बिक्री से संबंधित शिकायतों की जानकारी ली।

इस दौरान गांव की महिलाओं के साथ सरपंच कैलाश चंद्र जैन एवं भाजपा मंडल उपाध्यक्ष शैलेश जैन ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए कच्ची शराब बनाने एवं अवैध रूप से शराब की पैकारी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीण महिलाओं ने पुलिस के समक्ष अपनी समस्या रखते हुए कहा कि गांव में अवैध शराब की बिक्री से परिवारों और सामाजिक वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। महिलाओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि अवैध शराब की बिक्री एवं कच्ची शराब बनाने वालों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए इस गतिविधि पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से गांव में नियमित निगरानी रखने तथा अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि पुलिस की सख्ती के बाद गांव में अवैध शराब की गतिविधियों पर रोक लगेगी।

सिलौंडी चौकी प्रभारी अनिल पांडे ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सिलौंडी पुलिस द्वारा अवैध रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि कच्ची शराब बनाने और अवैध रूप से शराब की पैकारी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस क्षेत्र में अवैध शराब की गतिविधियों पर नजर रख रही है और शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीण महिलाओं द्वारा सामूहिक रूप से उठाई गई इस मांग के बाद अब पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर ग्रामीणों की नजर बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक लगने से गांव के सामाजिक वातावरण में सुधार आएगा और लोगों को राहत मिलेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post