भाजपा कटनी की जिला कार्यसमिति बैठक में संगठन की मजबूती और सेवा संकल्प अभियान पर हुआ विस्तृत मंथन।

 भाजपा कटनी की जिला कार्यसमिति बैठक में संगठन की मजबूती और सेवा संकल्प अभियान पर हुआ विस्तृत मंथन।

बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने पर जोर,17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान,रक्तदान,जनसंवाद, युवा कार्यक्रम और जनसेवक महाकुंभ जैसे आयोजनों की बनाई जाएगी रूपरेखा।

कटनी। भारतीय जनता पार्टी कटनी की नई जिला कार्यसमिति घोषित होने के बाद जिला कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, जिला पदाधिकारियों एवं कार्यसमिति सदस्यों ने सहभागिता की। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पार्टी के आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक का शुभारंभ विधिवत दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात भारत माता एवं पितृ पुरुषों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया। इस दौरान पार्टी की विचारधारा, संगठन की मजबूती और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।

जिला कार्यसमिति बैठक में आगामी सेवा संकल्प अभियान को लेकर विशेष रूप से चर्चा की गई। बताया गया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक बूथ स्तर तक सेवा गतिविधियों एवं जनसंपर्क के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान से संबंधित पीपीटी के माध्यम से कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई। अभियान के अंतर्गत विभिन्न सेवा गतिविधियों के माध्यम से आमजन से सीधे संपर्क स्थापित करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा कार्यों, केंद्र सरकार की योजनाओं तथा देश में हुए विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाने की कार्ययोजना पर चर्चा हुई।

बैठक में जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन ने पिछले दिनों ओरछा में सम्पन्न हुई प्रदेश कार्यसमिति बैठक के विषयों एवं संगठन द्वारा निर्धारित आगामी कार्यों की जानकारी कार्यसमिति सदस्यों को दी। उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक शक्ति उसके सक्रिय कार्यकर्ता हैं और बूथ स्तर तक संगठन मजबूत होगा तो पार्टी की गतिविधियां भी और अधिक प्रभावी तरीके से संचालित होंगी।

प्रदेश कार्यसमिति में पारित राजनीतिक प्रस्ताव के समर्थन में विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं सेवा कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के प्रति सेवा और त्याग के 25 वर्ष पूरे होंगे। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जनसेवा से लेकर देश के प्रधानमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल तक उन्होंने निरंतर राष्ट्रहित और जनसेवा को प्राथमिकता दी है।

विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। महिलाओं, युवाओं और किसानों के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सरकार ने व्यापक स्तर पर कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा देश में आए सकारात्मक बदलावों की जानकारी शहर के वार्डों और गांव-गांव तक पहुंचाई जानी है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सेवा संकल्प अभियान को केवल संगठनात्मक कार्यक्रम न मानते हुए इसे जनसेवा और जनसंपर्क का माध्यम बनाया जाए। अभियान के अंतर्गत रक्तदान शिविर, जनसंवाद, युवा कार्यक्रम एवं जनसेवक महाकुंभ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों में भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में जिला संगठन प्रभारी सुजीत जैन, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री सोहन सिंह एवं वरिष्ठ नेता शशांक श्रीवास्तव ने भी कार्यसमिति सदस्यों के साथ आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर संगठनात्मक चर्चा की। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की गतिविधियों से जोड़ने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने को लेकर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे, इसके लिए कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर योजनाओं की जानकारी देना और पात्र हितग्राहियों को उनका लाभ दिलाने में सहयोग करना चाहिए।

जिला कार्यसमिति की बैठक में जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, जिला संगठन प्रभारी सुजीत जैन, विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक, महापौर प्रीति सूरी, निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री सोहन सिंह, वरिष्ठ नेता रामरतन पायल, शशांक श्रीवास्तव, मृदुल मिश्रा, श्याम निषाद, चमनलाल आनंद, रामचन्द्र तिवारी, मनीषदेव मिश्रा एवं सुखदेव चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यसमिति सदस्य मौजूद रहे।

बैठक के दौरान जिला कार्यालय मंत्री अम्बरीश वर्मा ने भाजपा परिवार में पिछले दिनों हुए निधन पर शोक प्रस्ताव रखा। शोक प्रस्ताव के बाद उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दिवंगत आत्माओं के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन धारण किया।

बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने, आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा बूथ स्तर तक संगठन की गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि सेवा, संगठन और जनसंपर्क भाजपा की कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। आगामी सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से कार्यकर्ता समाज के विभिन्न वर्गों के बीच पहुंचकर सेवा गतिविधियों में सहभागिता करेंगे और सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाएंगे।

जिला कार्यसमिति की बैठक को आगामी संगठनात्मक गतिविधियों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में लिए गए निर्णयों और निर्धारित कार्यक्रमों के माध्यम से आने वाले दिनों में भाजपा कार्यकर्ताओं की सक्रियता बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक और अधिक दिखाई देने की उम्मीद है।

Post a Comment

Previous Post Next Post