गणेश पंडाल भी नहीं छोड़ रहे चोर,स्कॉर्पियो सवार बदमाश मशीन,माइक-लीड सहित सामान ले उड़े।
उमरियापान क्षेत्र में फिर सक्रिय हुआ चोर गिरोह,बम्हनी तिराहे के रंगमंच स्थित गणेश पंडाल को बनाया निशाना,सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध स्कॉर्पियो दिखाई दी।
उमरियापान। क्षेत्र में चोरी की घटनाओं के बीच अब चोरों ने गणेश उत्सव के पंडाल को भी निशाना बना लिया है। बम्हनी तिराहा स्थित रंगमंच पर बनाए गए गणेश पंडाल से गुरुवार सुबह करीब 5 बजे मशीन, पेनड्राइव, माइक-लीड सहित अन्य सामग्री चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। समिति के सदस्यों के अनुसार चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए स्कॉर्पियो वाहन से कुछ संदिग्ध पंडाल तक पहुंचे थे। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार गणेश उत्सव समिति द्वारा बम्हनी तिराहा स्थित रंगमंच पर भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा स्थापित की गई है। समिति के कुछ युवक रात में पंडाल में ही सो रहे थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब 5 बजे स्कॉर्पियो वाहन से पहुंचे अज्ञात व्यक्ति पंडाल में दाखिल हुए और वहां रखी मशीन, पेनड्राइव, माइक-लीड सहित अन्य सामान लेकर निकल गए। समिति के सदस्यों के मुताबिक कुछ देर बाद संदिग्ध दोबारा पंडाल की ओर आए। इसी दौरान पंडाल में सो रहे युवकों की नींद खुल गई। युवकों के जागने पर संदिग्ध आनन-फानन में स्कॉर्पियो वाहन में बैठकर मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही समिति के सदस्यों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू किया। समिति के अनुसार बम्हनी स्थित ललित टायर दुकान, कॉलोनी में रमाकांत काछी के यहां, ढीमरखेड़ा स्थित एचपी गैस एजेंसी तथा रामपुर कलारी के सामने चौरसिया होटल के सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन दिखाई दिया है। समिति के सदस्यों ने इन फुटेज को पुलिस के समक्ष उपलब्ध कराने की बात कही है, ताकि वाहन की पहचान कर चोरी की घटना से उसके संबंध की जांच की जा सके।
समिति के सदस्यों ने बताया कि घटना के तत्काल बाद डायल 100/112 पर सूचना देने का प्रयास किया गया था। उनका आरोप है कि सूचना दिए जाने के बावजूद 112 वाहन तत्काल मौके पर नहीं पहुंच सका। समिति सदस्यों का कहना है कि यदि सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस वाहन मौके पर पहुंचता तो आसपास के मार्गों पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन की तलाश की जा सकती थी। हालांकि पुलिस की ओर से इस संबंध में आधिकारिक रूप से क्या कार्रवाई की गई, इसकी जानकारी सामने आना बाकी है।
घटना के बाद समिति के सदस्यों ने पुलिस थाने में लिखित आवेदन देकर मामले की जांच और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। समिति का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे वाहन की पहचान कर उसके आवागमन के रास्ते की जांच की जाए और यदि चोरी की घटना में उसकी संलिप्तता सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
गणेश उत्सव के दौरान पंडाल में चोरी की घटना सामने आने से क्षेत्र के लोगों में भी नाराजगी और चिंता का माहौल है। धार्मिक आयोजन स्थल पर रात के समय सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि चोरी की वारदात को किसने अंजाम दिया और सीसीटीवी में दिखाई दे रहा स्कॉर्पियो वाहन इस घटना से जुड़ा है या नहीं। समिति सदस्यों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई कर चोरी गया सामान बरामद कराने की मांग की है।


