गांव की समस्याओं का गांव में ही हो समाधान,यही जन विश्वास अभियान का उद्देश्य - कलेक्टर श्री गुप्ता।
प्रशासनिक टीम गांव-गांव पहुंचकर क्लस्टर वार जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर रही है - विधायक श्री मीणा
पीपलखेड़ा में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों को दी योजनाओं और दस्तावेजों संबंधी जानकारी।
विदिशा।मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत विदिशा जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत पीपलखेड़ा में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शमशाबाद विधायक सूर्य प्रकाश मीणा, विदिशा जनपद पंचायत अध्यक्ष वीर सिंह रघुवंशी, कलेक्टर अंशुल गुप्ता, पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शमशाबाद विधायक सूर्य प्रकाश मीणा ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रही है। सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से प्रशासनिक टीम गांव-गांव पहुंचकर क्लस्टर वार जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इन कार्यक्रमों में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जा रही हैं और उनके निराकरण की पहल की जा रही है। शेष आवेदनों पर भी निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
दस्तावेजों को अपडेट रखने की दी सलाह
कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान गांव में ही करना है। इसी उद्देश्य से जिला प्रशासन की पूरी टीम ग्राम पंचायत पीपलखेड़ा में मौजूद है। उन्होंने ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवा अपने आधार कार्ड में बायोमेट्रिक अपडेट अवश्य कराएं। साथ ही समग्र आईडी से संबंधित कार्य भी पूर्ण करा लें, ताकि शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। कलेक्टर ने ग्रामीणों से कहा कि सभी शासकीय दस्तावेजों में नाम एक समान दर्ज होना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र जन्म के बाद अस्पताल में ही बनवाएं अथवा एक-दो माह के भीतर ग्राम पंचायत या नगर पालिका से बनवा लें।
आयुष्मान कार्ड और फार्मर आईडी बनवाने पर जोर कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने ग्रामीण नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी नागरिक अपना आयुष्मान कार्ड अनिवार्य रूप से बनवाएं, ताकि उन्हें उपचार संबंधी सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा पात्र नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयुष्मान योजना संचालित की जा रही है। 70 वर्ष से कम आयु के पात्र नागरिक भी अपना आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं। उन्होंने किसानों से कहा कि वे अपनी फार्मर आईडी अवश्य बनवाएं, ताकि खाद, बीज, कीटनाशक सहित अन्य कृषि संबंधी कार्यों में उन्हें परेशानी न हो। किसान एवं पशुपालक किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) भी अवश्य बनवाएं।
बच्चों की नियमित उपस्थिति पर दिया जोर -
कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने ग्रामीण अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल एवं आंगनबाड़ी भेजने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्कूल और आंगनवाड़ी में बच्चों की नियमित उपस्थिति से उनकी शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों बेहतर होंगे तथा वे भविष्य में बेहतर अवसर प्राप्त कर सकेंगे।

