30 लाख की लागत से बनने वाले प्रयोगशाला कक्ष का विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने किया भूमिपूजन।

 30 लाख की लागत से बनने वाले प्रयोगशाला कक्ष का विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने किया भूमिपूजन।

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भदौरा में विद्यार्थियों को मिलेगी आधुनिक प्रयोगशाला की सुविधा,विधायक ने प्रतिभावान छात्रों को किया सम्मानित।

बड़वारा। विधानसभा क्षेत्र बड़वारा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भदौरा में विद्यार्थियों की शैक्षणिक सुविधाओं में विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। विद्यालय में 30 लाख रुपये की स्वीकृत राशि से बनने वाले प्रयोगशाला कक्ष के निर्माण कार्य का क्षेत्रीय विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने विधिवत भूमिपूजन किया।

विद्यालय में प्रयोगशाला कक्ष निर्माण के लिए स्कूल शिक्षा मंत्री एवं कटनी जिले के प्रभारी मंत्री राव उदय प्रताप सिंह द्वारा 30 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह के प्रयासों से स्वीकृत इस कार्य के भूमिपूजन कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणजनों की उपस्थिति रही।

भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने कहा कि विद्यालय में प्रयोगशाला कक्ष का निर्माण पूरा होने के बाद छात्र-छात्राओं को अध्ययन-अध्यापन के दौरान प्रयोगात्मक शिक्षा की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ आवश्यक शैक्षणिक संसाधनों की उपलब्धता भी जरूरी है। प्रयोगशाला कक्ष के निर्माण से विद्यार्थियों को विषयों को प्रयोग के माध्यम से समझने का अवसर मिलेगा और उनकी शिक्षा अधिक प्रभावी एवं व्यावहारिक बनेगी।

कार्यक्रम के दौरान विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं से मुलाकात कर उनकी पढ़ाई, विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं तथा अध्यापन व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनकी रुचि और भविष्य के लक्ष्य के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। विधायक ने विद्यार्थियों को मेहनत और लगन के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभावान विद्यार्थियों में आगे बढ़ने की पूरी क्षमता है और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने प्रतिभावान विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की और कहा कि विद्यार्थियों की सफलता ही क्षेत्र और समाज की वास्तविक उपलब्धि है। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर मेहनत करते हुए अपने माता-पिता, गुरुजनों और क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

विद्यालय में प्रयोगशाला कक्ष निर्माण की स्वीकृति मिलने और भूमिपूजन होने पर स्थानीय ग्रामीणों एवं विद्यालय परिवार में भी उत्साह का माहौल रहा। ग्रामीणजनों ने क्षेत्र में शिक्षा संबंधी सुविधाओं के विस्तार के लिए विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष अनुराग गुप्ता, पूर्व मंडल अध्यक्ष ब्रजेन्द्र प्रताप सिंह, मौसम सिंह, पी.एन. प्रसाद सहित अन्य भाजपा जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता, विद्यालय का शाला परिवार, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर भी चर्चा हुई।

प्रयोगशाला कक्ष का निर्माण पूर्ण होने के बाद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भदौरा के विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक अध्ययन के लिए बेहतर एवं व्यवस्थित सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है। क्षेत्रीय विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आवश्यक विकास कार्यों को आगे भी प्राथमिकता के साथ कराया जाएगा, ताकि ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को भी बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक सुविधाएं मिल सकें।

Post a Comment

Previous Post Next Post