बड़ारी अंडरब्रिज हुआ जलमग्न,10 फीट तक भरा पानी।

 बड़ारी अंडरब्रिज हुआ जलमग्न,10 फीट तक भरा पानी।

भारी बारिश के बाद कैमोर-झुकेही मुख्य मार्ग का संपर्क टूटा,अंडरब्रिज में कैंपर वाहन डूबा,चालक सुरक्षित।

कैमोर। कैमोर-झुकेही मुख्य मार्ग पर ननवारा रेलवे स्टेशन के समीप ग्राम बड़ारी में निर्मित रेल अंडरब्रिज भारी बारिश के बाद जलमग्न हो गया। अंडरब्रिज में पानी की उचित निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण देखते ही देखते जलस्तर करीब 10 फीट तक पहुंच गया। पानी भरने के कारण इस महत्वपूर्ण मार्ग से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालात इतने बिगड़ गए कि एक कैंपर वाहन पानी में फंसने के बाद पूरी तरह जलमग्न हो गया। हालांकि वाहन चालक किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आया।

जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब 10 बजे बड़ारी अंडरब्रिज में पानी का जलस्तर तेजी से बढ़ना शुरू हुआ। इस दौरान एक कैंपर वाहन चालक ने पानी के बीच से वाहन निकालने का प्रयास किया, लेकिन पानी अधिक होने के कारण वाहन बीच में ही बंद हो गया। इसके बाद अचानक पानी का स्तर और बढ़ गया तथा देखते ही देखते पूरा वाहन पानी में डूब गया। चालक ने किसी तरह वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

पहाड़ के प्राकृतिक नाले के रास्ते में बना अंडरब्रिज

ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर वर्तमान में अंडरब्रिज बनाया गया है, वहां पहले पहाड़ से आने वाला एक विशाल प्राकृतिक नाला बहता था। ग्रामीणों के अनुसार अंडरब्रिज के निर्माण के समय उन्होंने रेलवे अधिकारियों को भी इस समस्या से अवगत कराया था और आशंका जताई थी कि बारिश के मौसम में यहां पानी भरने से अंडरब्रिज से आवागमन प्रभावित होगा। ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी आपत्तियों के बावजूद निर्माण कार्य निर्धारित स्थान पर ही कराया गया। वर्तमान स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों का कहना है कि उनकी आशंका अब हकीकत में बदल गई है।

डीजल पंप लगाकर पानी निकालने का प्रयास

शुक्रवार सुबह रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे और अंडरब्रिज में भरे पानी को बाहर निकालने के लिए दो डीजल पंप लगाए गए। घंटों तक पंप चलाकर पानी निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन पानी की मात्रा अधिक होने के कारण जलस्तर में अपेक्षित कमी नहीं आ सकी। इससे अंडरब्रिज से आवागमन शुरू नहीं हो पाया और राहगीरों तथा वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

17 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाने को मजबूर हुए राहगीर

कैमोर-झुकेही मुख्य मार्ग पर सामान्य दिनों में भी भारी वाहनों सहित बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। अंडरब्रिज में पानी भर जाने के बाद यह मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। इसके चलते वाहन चालकों और राहगीरों को लगभग 17 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाकर विजयराघवगढ़ के रास्ते वैकल्पिक मार्ग से जाना पड़ा। इससे लोगों का समय और ईंधन दोनों अधिक खर्च हुए।

रातभर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल

अंडरब्रिज में तेजी से पानी बढ़ने के बावजूद रात के समय रेलवे की ओर से पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब अंडरब्रिज में पानी भरना शुरू हुआ, तब वहां पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेत अथवा सुरक्षा व्यवस्था नहीं दिखाई दी। ग्रामीणों के अनुसार आपात स्थिति में पुराने रेलवे गेट को खोलकर यातायात को वैकल्पिक रूप से संचालित किया जा सकता था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।

ग्रामीणों की मांग, अंडरब्रिज बंद कर पूर्व की तरह रेलवे गेट खोला जाए

बड़ारी के ग्रामीणों ने अंडरब्रिज की व्यवस्था को लेकर स्थायी समाधान की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान अंडरब्रिज में पानी भरने की समस्या लगातार सामने आती है। पानी भरने से न केवल यातायात बंद हो जाता है, बल्कि अन्य मौसम में भी वाहनों के खराब होने से जाम की स्थिति निर्मित होती है। सड़क पर उड़ने वाली धूल के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि अंडरब्रिज को बंद कर पूर्व की तरह रेलवे गेट संचालित किया जाए, ताकि कैमोर-झुकेही मुख्य मार्ग पर यातायात निर्बाध रूप से संचालित हो सके और बारिश के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्या से लोगों को राहत मिल सके।

रेलवे साइडिंग और सीमेंट प्लांट के कारण भारी वाहनों का दबाव

ग्राम बड़ारी में रेलवे साइडिंग होने के कारण इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही काफी अधिक रहती है। यहां आए दिन रेलवे रैक लोड किए जाते हैं। रैक लोडिंग के लिए आवश्यक सामग्री अमेहटा, मेहगांव सहित आसपास के क्षेत्रों से इसी मार्ग से आती-जाती है। अंडरब्रिज बंद होने से ट्रांसपोर्ट व्यवसाय भी प्रभावित हुआ है और रेलवे से जुड़े कार्यों पर भी इसका असर पड़ा है।

इसके अलावा कैमोर से अमेहटा को जोड़ने वाले इस मार्ग के दोनों ओर सीमेंट प्लांट होने के कारण कर्मचारियों, मालवाहक वाहनों और अन्य वाहनों का आवागमन लगातार बना रहता है। ऐसे में बड़ारी अंडरब्रिज के जलमग्न होने से केवल स्थानीय ग्रामीण ही नहीं, बल्कि औद्योगिक गतिविधियां और परिवहन व्यवस्था भी प्रभावित हुई है।

स्थायी समाधान की जरूरत

ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान यदि इसी तरह अंडरब्रिज में पानी भरता रहा तो यह समस्या लगातार गंभीर होती जाएगी। उनका कहना है कि तत्काल पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था किए जाने के साथ-साथ अंडरब्रिज के निर्माण और जल निकासी व्यवस्था की तकनीकी जांच भी कराई जानी चाहिए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में भारी बारिश के दौरान कैमोर-झुकेही मुख्य मार्ग पर आवागमन बाधित न हो।

फिलहाल बड़ारी अंडरब्रिज में करीब 10 फीट तक पानी भरने के कारण मार्ग बंद है और राहगीरों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है। अंडरब्रिज में डूबे कैंपर वाहन को बाहर निकालने तथा पानी की निकासी के प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों और वाहन चालकों ने प्रशासन तथा रेलवे से इस समस्या का स्थायी समाधान किए जाने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post