बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने आदिवासी अंचल का किया दौरा,समस्याएं सुनकर मौके पर कराया निराकरण।
दादर सिंहुँड़ी पंचायत के छाहर और ऊमरपानी में विकास कार्यों की घोषणा,दिवंगत ग्रामीणों के परिजनों से मिलकर दी श्रद्धांजलि।
सिलौंडी। जनसंपर्क और विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने गुरुवार को आदिवासी बाहुल्य ग्राम पंचायत दादर सिंहुँड़ी के आश्रित ग्राम छाहर एवं ऊमरपानी का व्यापक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा कई मामलों में तत्काल संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर निराकरण के निर्देश दिए। विधायक का यह दौरा ग्रामीणों के बीच विश्वास और विकास की नई उम्मीद लेकर आया।
भ्रमण के दौरान विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने ग्रामीणों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा किसी भी समस्या की स्थिति में सीधे उन्हें अवगत कराएं।
विधायक ने ग्रामीणों को जानकारी दी कि ऊमरपानी एवं छाहर ग्राम के विकास के लिए शासन की डीएफएल मद से 20 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से क्षेत्र में आवश्यक विकास कार्य कराए जाएंगे, जिससे स्थानीय लोगों को मूलभूत सुविधाएं बेहतर तरीके से उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि स्वीकृत राशि से होने वाले कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा।
ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष क्षेत्र में सड़क की समस्या प्रमुखता से उठाई। इस पर विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने आश्वासन दिया कि छाहर एवं ऊमरपानी को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए शीघ्र ही पक्की सड़क निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में बड़ी सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति प्राप्त होगी।
दौरे के दौरान विधायक ने कई ग्रामीणों की व्यक्तिगत समस्याओं को भी सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल विकास कार्यों की घोषणा करना नहीं, बल्कि लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव के विकास और आमजन की समस्याओं के निराकरण के लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगे।
अपने दौरे के दौरान विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ग्राम कोठी एवं छाहर भी पहुंचे, जहां हाल ही में दिवंगत हुए आदिवासी परिवारों के मुखियाओं के घर जाकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाया तथा हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस संवेदनशील पहल की ग्रामीणों ने सराहना करते हुए विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में विकास कार्यों की स्वीकृति तथा समस्याओं के त्वरित निराकरण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय बाद किसी जनप्रतिनिधि ने गांव में पहुंचकर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और समाधान का भरोसा दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि विधायक द्वारा किए गए सभी विकास कार्य शीघ्र धरातल पर दिखाई देंगे।
इस अवसर पर भाजपा मंडल सिलौड़ी अध्यक्ष मनीष सिंह बागरी, नरेंद्र त्रिपाठी, राकेश त्रिपाठी, सुलभ त्रिपाठी, नारायण सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


