विजयराघवगढ़ में पुलिस का सघन चेकिंग अभियान,होटल-ढाबों से लेकर सार्वजनिक स्थलों तक संदिग्धों की हुई जांच।

 विजयराघवगढ़ में पुलिस का सघन चेकिंग अभियान,होटल-ढाबों से लेकर सार्वजनिक स्थलों तक संदिग्धों की हुई जांच।

एसडीओपी वीरेंद्र धारवे के नेतृत्व में पैदल पेट्रोलिंग,थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने शांति व्यवस्था बनाए रखने व्यापारियों व आमजन को किया जागरूक,असामाजिक तत्वों को दी सख्त चेतावनी।

विजयराघवगढ़/कटनी।जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण कायम रखने के उद्देश्य से विजयराघवगढ़ पुलिस द्वारा बुधवार को व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग एवं पैदल पेट्रोलिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर संचालित इस विशेष अभियान का नेतृत्व एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धारवे ने किया। अभियान के दौरान थाना प्रभारी अभिषेक चौबे सहित पुलिस बल के जवानों ने नगर के प्रमुख बाजारों, होटल-ढाबों, सार्वजनिक स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पहुंचकर संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की।

चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने ऐसे स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जहां संदिग्ध गतिविधियों अथवा असामाजिक तत्वों की आवाजाही की सूचनाएं समय-समय पर प्राप्त होती रहती हैं। होटल एवं ढाबों में ठहरे लोगों से पूछताछ की गई तथा उनकी पहचान की पुष्टि करते हुए आवश्यक दस्तावेजों का भी परीक्षण किया गया। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर बिना किसी स्पष्ट कारण के घूम रहे संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली गई।

पुलिस दल ने नगर के प्रमुख बाजार क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर आम नागरिकों एवं व्यापारियों से भी संवाद स्थापित किया। इस दौरान व्यापारियों को अपनी दुकानों के सामने अनावश्यक अतिक्रमण एवं अव्यवस्था न फैलाने की समझाइश दी गई, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहनों को व्यवस्थित कराया गया तथा वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।

अभियान के दौरान सुनसान एवं संवेदनशील क्षेत्रों में बिना कारण खड़े मिले कुछ लोगों से पुलिस अधिकारियों ने सख्ती से पूछताछ की तथा उन्हें अनावश्यक रूप से ऐसे स्थानों पर नहीं रुकने की चेतावनी दी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने, अपराधियों पर सतत निगरानी रखने तथा आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम रखने के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र में लगातार विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। क्षेत्र के गुंडे-बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करेगी। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, जिससे समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर क्षेत्र में अमन-चैन एवं सुरक्षा का वातावरण बनाए रखा जा सके।

विजयराघवगढ़ पुलिस का यह विशेष अभियान आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे सघन चेकिंग एवं पैदल पेट्रोलिंग अभियान निरंतर जारी रहेंगे, ताकि अपराधियों में कानून का भय बना रहे और क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण कायम रह सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post