मानवाधिकार परिषद की बैठक में अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति किया गया जागरूक,तेवरी में हुआ पौधारोपण।
समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी बोलीं-"हम किसी से भीख नहीं मांगते,अपने हक,अधिकार और कर्तव्यों की बात करते हैं"।
कटनी जिले के ग्राम पंचायत तेवरी में मानवाधिकार परिषद द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं मानवाधिकार जागरूकता को समर्पित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ "एक पेड़ माँ वसुंधरा के नाम" अभियान के अंतर्गत पौधारोपण से हुआ। इसके पश्चात परिषद की बैठक आयोजित की गई, जिसमें मानवाधिकारों के संरक्षण, नागरिकों के अधिकार एवं कर्तव्यों की जानकारी, संगठन के विस्तार तथा आगामी स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम का नेतृत्व मानवाधिकार परिषद के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामकुमार द्विवेदी ने किया। बैठक का आयोजन ग्रामीण जिलाध्यक्ष भरत कुमार तिवारी एवं स्लीमनाबाद तहसील अध्यक्ष महेंद्र द्विवेदी के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत तेवरी में संपन्न हुआ।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामकुमार द्विवेदी ने कहा कि मानवाधिकार केवल अधिकार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में समानता, न्याय और मानवीय मूल्यों की स्थापना का आधार हैं। उन्होंने संगठन के प्रत्येक पदाधिकारी से जन-जागरूकता अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।
संभाग उपाध्यक्ष संजय जैन ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने संवैधानिक अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी पूर्ण रूप से पालन करना चाहिए। समाज में जागरूकता और सहभागिता से ही मानवाधिकारों की वास्तविक भावना मजबूत होगी।
संभाग महिला विंग अध्यक्ष, समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि मानवाधिकार किसी पर कृपा नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति का संवैधानिक अधिकार हैं। उन्होंने कहा, "हम किसी से भीख नहीं मांगते, बस अपने हक, अधिकार और कर्तव्यों की बात करते हैं।" उन्होंने महिलाओं, युवाओं और समाज के सभी वर्गों से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
जिला महिला विंग उपाध्यक्ष दुर्गा तोमर ने भी महिलाओं की भागीदारी और सामाजिक जागरूकता पर बल देते हुए कहा कि संगठित समाज ही मजबूत राष्ट्र की नींव रखता है।
बैठक का प्रमुख उद्देश्य नव-नियुक्त पदाधिकारियों को परिचय-पत्र (आईडी कार्ड) वितरित करना, सभी पदाधिकारियों का परिचय कराना तथा आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करना रहा। साथ ही संगठन के विस्तार को गति देने के लिए जिले एवं तहसील स्तर की कार्यकारिणी का शीघ्र गठन करने पर सर्वसम्मति से जोर दिया गया।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी पदाधिकारियों ने "एक पेड़ माँ वसुंधरा के नाम" अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण मानव जीवन के मूल अधिकारों से जुड़ा हुआ है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण कर प्रकृति के संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
इस अवसर पर प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामकुमार द्विवेदी, संभाग उपाध्यक्ष संजय जैन, संभाग महिला विंग अध्यक्ष समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी, जिला महिला विंग उपाध्यक्ष दुर्गा तोमर, ग्रामीण जिलाध्यक्ष भरत कुमार तिवारी, स्लीमनाबाद तहसील अध्यक्ष महेंद्र द्विवेदी, अनिल महोबिया, राजेश हल्दकार, सुनील हल्दकार, ग्रामीण सचिव सुरेंद्र पांडेय, अखिलेश श्रीवास्तव, विजय द्विवेदी, राजेश रैदास, मुलायम चंद महोबिया सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा समाजहित में निरंतर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।


