अपराध किया तो खैर नहीं,विजयराघवगढ़ थाने में आदतन अपराधियों की लगी क्लास।
एसपी के निर्देश पर तीन दर्जन आदतन अपराधियों की चेकिंग,डोजियर अपडेट,बाउंड ओवर कार्रवाई शुरू।
विजयराघवगढ़,ग्रामीण खबर MP।
जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से थाना विजयराघवगढ़ पुलिस ने आदतन अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे के नेतृत्व में थाना परिसर में आदतन अपराधियों की विशेष चेकिंग एवं सत्यापन किया गया।
अभियान के दौरान थाना क्षेत्र के करीब तीन दर्जन आदतन अपराधियों, निगरानी बदमाशों एवं गुंडा सूची में दर्ज व्यक्तियों को थाना परिसर में उपस्थित कराया गया। सभी अपराधियों की गतिविधियों एवं वर्तमान दिनचर्या की विस्तृत जानकारी ली गई तथा उनके डोजियर फॉर्म भरकर अद्यतन किए गए। पुलिस ने प्रत्येक व्यक्ति का सत्यापन कर यह सुनिश्चित किया कि उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने सभी आदतन अपराधियों को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्हें अपराध से दूर रहकर सामान्य एवं शांतिपूर्ण जीवन जीने की समझाइश भी दी गई।
थाना पुलिस द्वारा कई आदतन अपराधियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है तथा बाउंड ओवर की कार्यवाही भी प्रारंभ की गई है। अधिकारियों ने बताया कि बाउंड ओवर की अवधि के दौरान यदि कोई व्यक्ति शर्तों का उल्लंघन करता है या किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जाएगा।
पुलिस अधीक्षक कटनी के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना क्षेत्रों में आदतन अपराधियों की नियमित निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में विजयराघवगढ़ थाना पुलिस की यह कार्रवाई अपराधियों में कानून का भय पैदा करने और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की नियमित कार्रवाई से असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगेगा तथा क्षेत्र में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में सहायता मिलेगी।

