विजयराघवगढ़ के किसानों को बड़ी सौगात,बरही में 1000 टन क्षमता वाले खाद भंडारण केंद्र का शुभारंभ।

 विजयराघवगढ़ के किसानों को बड़ी सौगात,बरही में 1000 टन क्षमता वाले खाद भंडारण केंद्र का शुभारंभ।

विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक ने वर्चुअल माध्यम से किया शुभारंभ,अब समय पर मिलेगी यूरिया,डीएपी और एनपीके,खाद संकट से मिलेगी राहत।

बरही,ग्रामीण खबर MP।

विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। क्षेत्र में लंबे समय से उर्वरक की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग के बीच बरही स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में 1000 टन क्षमता वाले खाद भंडारण एवं वितरण केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस केंद्र का वर्चुअल शुभारंभ विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक ने किया।

इस नए भंडारण केंद्र के शुरू होने से बरही एवं विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के किसानों को अब उचित मूल्य पर समय पर यूरिया, डीएपी (DAP) तथा एनपीके (NPK) जैसे आवश्यक उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी। साथ ही किसानों को खाद के लिए लंबी कतारों, अनावश्यक भागदौड़ और संभावित कमी की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।

विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि यह केंद्र किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी पहल है। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने और किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह सुविधा शुरू की गई है। उन्होंने क्षेत्र के सभी किसानों को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि इससे खेती-किसानी की व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

उन्होंने कहा कि किसानों को अब खाद के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा तथा पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से आवश्यक उर्वरकों का वितरण किया जाएगा। इससे कृषि कार्य समय पर संपन्न होंगे और उत्पादन क्षमता में भी सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा।

शुभारंभ अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी केंद्र की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए इसे किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया। कार्यक्रम के दौरान फीता काटकर केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया तथा भंडारण व्यवस्था का निरीक्षण भी किया गया। जिला खाद प्रभारी एवं संबंधित अधिकारियों ने किसानों को खाद की उपलब्धता, भंडारण क्षमता तथा वितरण प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष लालजी मिश्रा, पूर्व भाजपा जिला महामंत्री सतीश तिवारी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष उदयराज सिंह चौहान, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष तीरथ पटेल, मंडल अध्यक्ष अरुण पटेल, जिला मंत्री राजेश पटेल, सरमन सोनी, पी.डी. ताम्रकार, मनोज रावत, वीरेंद्र जयसवाल, राजा बागरी, ज्योति उपाध्याय, मीनाक्षी तिवारी, पवन जायसवाल, दीपक प्रजापति, अशोक विश्वकर्मा, सोहन यादव, जिला खाद प्रभारी आनंद पांडे, शिव मारको सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।

कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि क्षेत्र में स्थापित यह 1000 टन क्षमता वाला खाद भंडारण केंद्र खरीफ एवं रबी दोनों सीजन में किसानों के लिए उपयोगी साबित होगा। समय पर उर्वरकों की उपलब्धता से खेती की लागत और समय दोनों की बचत होगी तथा कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। किसानों को अब स्थानीय स्तर पर ही आवश्यक खाद उपलब्ध होने से उनकी निर्भरता अन्य स्थानों पर कम होगी और कृषि व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित बन सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post