जय-जय जगन्नाथ के जयघोष से गुंजायमान हुआ उमरिया पान,भव्य रथयात्रा में उमड़ा आस्था का महासैलाब।

 जय-जय जगन्नाथ के जयघोष से गुंजायमान हुआ उमरिया पान,भव्य रथयात्रा में उमड़ा आस्था का महासैलाब।

श्रद्धा,भक्ति और उल्लास के बीच निकली भगवान श्री जगन्नाथ की दिव्य रथयात्रा,क्षेत्रीय विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह सहित हजारों श्रद्धालुओं ने खींचा रथ,नगरभर में हुई पुष्पवर्षा और जयघोष।

उमरिया पान। भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी की पावन एवं विश्वविख्यात रथयात्रा के अवसर पर गुरुवार को उमरिया पान नगर पूर्णतः भक्तिमय वातावरण में रंग गया। नगर की सड़कों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा की दिव्य रथयात्रा पूरे धार्मिक विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्यता एवं गरिमा के बीच निकाली गई। जैसे ही भगवान का अलंकृत रथ मंदिर परिसर से बाहर निकला, "जय-जय जगन्नाथ", "हरि बोल" तथा "जय श्री जगन्नाथ" के गगनभेदी जयघोषों से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं की अपार भीड़ भगवान के दर्शन एवं रथ को खींचने के लिए उमड़ पड़ी। नगर का वातावरण भक्ति, आस्था और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर दिखाई दिया।

रथयात्रा का शुभारंभ ब्योहार मोहल्ला स्थित भगवान श्री जगन्नाथ मंदिर से हुआ, जहां प्रातःकाल भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा का विशेष श्रृंगार किया गया। इसके उपरांत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना, हवन एवं महाआरती संपन्न हुई। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान की आरती कर सुख, समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। धार्मिक अनुष्ठानों के उपरांत भगवान श्री जगन्नाथ के भव्य एवं आकर्षक रथ को श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ खींचकर यात्रा का शुभारंभ किया।

रथयात्रा ब्योहार मोहल्ला स्थित मंदिर से प्रारंभ होकर पूर्व सरपंच छोटेलाल सोनी के निवास के सामने से होते हुए अथईया मंदिर पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने भगवान का भव्य स्वागत किया। इसके बाद यात्रा सन्यासी बाबा, झंडा चौक, बड़ी माई मंदिर, हनुमान मंदिर, पुनः झंडा चौक, न्यू बस स्टैंड, आजाद चौक, कटरा बाजार तथा मचखंडा मोहल्ला से गुजरते हुए बिरखा स्थित भगवान श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंची, जहां विशेष पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ रथयात्रा का समापन हुआ। संपूर्ण यात्रा मार्ग में अनेक स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा भगवान की आरती उतारी गई, पुष्पवर्षा की गई तथा प्रसाद वितरण किया गया। नगर के प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं ने भगवान के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस किया।

रथयात्रा के दौरान क्षेत्रीय विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह की उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। विधायक श्री सिंह सबसे पहले बिरखा स्थित भगवान श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात वे झंडा चौक पहुंचकर रथयात्रा में शामिल हुए और भगवान श्री जगन्नाथ को माल्यार्पण कर प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और विकास की मंगलकामना की। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ भगवान के रथ को खींचते हुए धार्मिक आयोजन में अपनी सहभागिता निभाई। विधायक ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, भाईचारे, सेवा और भारतीय संस्कृति की जीवंत पहचान है। ऐसे आयोजन समाज को एकता के सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हैं।

रथयात्रा में सांसद प्रतिनिधि पदमेश गौतम, पूर्व जिला मंत्री पंडित विजय दुबे, उमरिया पान मंडल अध्यक्ष आशीष चौरसिया, राजेश राजा चौरसिया, वरिष्ठ समाजसेवी राजेश ब्योहार, युवा मोर्चा अध्यक्ष सुशांक चौरसिया, प्रदीप तातु चौरसिया, डॉ. यतीन्द्र गौतम, नंदकुमार नामदेव, पिछड़ा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष संदीप सोनी, सोनू गौतम, वैभव चौरसिया, प्रमोद गुप्ता, मंडल महामंत्री अंकित झारिया, अखिलेश नामदेव, दिनेश गुप्ता (डॉन) सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने भगवान श्री जगन्नाथ के दर्शन कर क्षेत्र की समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।

रथयात्रा में महिलाओं, युवाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों की उल्लेखनीय सहभागिता देखने को मिली। नगर के विभिन्न मोहल्लों से श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में यात्रा में शामिल हुए। जगह-जगह भगवान के स्वागत के लिए स्वागत द्वार बनाए गए थे। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए, वहीं अनेक स्थानों पर शीतल पेयजल एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई। संपूर्ण नगर दिनभर धार्मिक रंग में रंगा रहा और हर ओर भगवान श्री जगन्नाथ के जयघोष सुनाई देते रहे। नगरवासियों ने अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक ढंग से सजाकर इस धार्मिक उत्सव को और अधिक भव्य बना दिया।

रथयात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। थाना प्रभारी उप निरीक्षक महेंद्र जायसवाल अपने संपूर्ण पुलिस बल के साथ यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी करते रहे। सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे संपूर्ण रथयात्रा शांतिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। पुलिस एवं प्रशासन की सतर्कता के चलते कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति निर्मित नहीं हुई और श्रद्धालुओं ने सहज एवं सुरक्षित वातावरण में भगवान के दर्शन किए।

उमरिया पान में आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी की यह भव्य रथयात्रा धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण बनकर सामने आई। हजारों श्रद्धालुओं की आस्था, जनप्रतिनिधियों की सहभागिता, सामाजिक संगठनों के सहयोग तथा प्रशासन की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं ने इस आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया। दिनभर नगर में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना रहा तथा भगवान श्री जगन्नाथ से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली, उत्तम स्वास्थ्य और सर्वजन मंगल की कामना की जाती रही। श्रद्धालुओं का मानना है कि भगवान श्री जगन्नाथ की कृपा से क्षेत्र में शांति, समृद्धि और विकास का मार्ग सदैव प्रशस्त रहेगा तथा इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता की भावना को निरंतर मजबूत करते रहेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post