मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ स्वर्णकार समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का कटनी में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह संपन्न।

 मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ स्वर्णकार समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का कटनी में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह संपन्न।

सतना में संपन्न चुनाव में निर्वाचित पदाधिकारियों का समाजजनों ने किया आत्मीय अभिनंदन,संगठन की मजबूती,सामाजिक एकता और जनसेवा के संकल्प के साथ भविष्य की कार्ययोजना पर हुआ मंथन।

कटनी,ग्रामीण खबर MP।

मध्यप्रदेश–छत्तीसगढ़ स्वजातीय स्वर्णकार समाज के हाल ही में सतना में संपन्न हुए प्रांतीय चुनाव में निर्वाचित पदाधिकारियों के सम्मान में कटनी नगर में एक गरिमामय, भव्य एवं उत्साहपूर्ण स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में समाज के नवनिर्वाचित कोषाध्यक्ष मोहनलाल सोनी (कटनी), कार्यकारिणी सदस्य नारायण सोनी (तेवरी) एवं कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्र सोनी (कैमोर) का समाज के वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित समाजबंधुओं द्वारा पुष्पमालाओं से स्वागत कर आत्मीय सम्मान किया गया। पूरे आयोजन के दौरान समाज की एकजुटता, अनुशासन, भाईचारा एवं संगठनात्मक शक्ति का प्रेरणादायी स्वरूप देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ समाज के आराध्य श्री अजमीढ़ देव एवं भगवान श्रीराम दरबार के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर तथा पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक किया गया। धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच सभी उपस्थितजनों ने समाज की उन्नति, संगठन की मजबूती तथा समस्त स्वर्णकार समाज के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। इसके पश्चात अतिथियों एवं समाज के वरिष्ठजनों द्वारा नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माल्यार्पण एवं अभिनंदन किया गया।

स्वागत समारोह में कोषाध्यक्ष पद पर निर्वाचित मोहनलाल सोनी का स्वागत प्रहलाद सोनी द्वारा, कार्यकारिणी सदस्य नारायण सोनी का स्वागत भरतलाल सोनी द्वारा तथा कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्र सोनी का स्वागत वेलफेयर स्वजातीय स्वर्णकार समाज के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश सोनी द्वारा किया गया। सम्मान प्राप्त करने के उपरांत सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी, पारदर्शिता एवं समर्पण भाव से किया जाएगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर संगठन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का सतत प्रयास किया जाएगा।

समारोह को संबोधित करते हुए समाज के वरिष्ठजनों ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकता, अनुशासन, संस्कार और पारस्परिक सहयोग की भावना में निहित होती है। स्वर्णकार समाज ने सदैव सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। वर्तमान समय में आवश्यकता है कि समाज के सभी लोग व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर सामूहिक विकास के लिए कार्य करें। समाज के युवाओं को शिक्षा, रोजगार, तकनीकी दक्षता एवं सामाजिक नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए संगठित प्रयास किए जाने चाहिए। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की सहायता, प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन तथा नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य करने पर भी जोर दिया गया।

वक्ताओं ने कहा कि समाज का संगठन जितना मजबूत होगा, उतनी ही प्रभावी ढंग से समाजहित के कार्य किए जा सकेंगे। समाज के प्रत्येक सदस्य की सहभागिता संगठन की सबसे बड़ी पूंजी है। सभी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे प्रदेश स्तर पर समाज की आवाज को मजबूती के साथ उठाते हुए संगठन को नई दिशा प्रदान करेंगे तथा समाज के हितों की रक्षा के लिए सदैव सक्रिय रहेंगे।

समारोह के दौरान समाज के वरिष्ठ संरक्षक एवं गणमान्य नागरिकों ने अपने विचार रखते हुए कहा कि वर्तमान समय में सामाजिक समरसता, शिक्षा, संगठन और संस्कार ही समाज की सबसे बड़ी आवश्यकता हैं। उन्होंने युवाओं से समाज की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया तथा कहा कि नई पीढ़ी ही समाज के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। यदि युवा संगठित होकर समाजहित में कार्य करेंगे तो निश्चित रूप से स्वर्णकार समाज नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा।

इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ संरक्षक सुरेश सोनी, प्रहलाद सोनी, प्रभुदयाल सोनी, उमाशंकर सोनी, राजकुमार सोनी, अजय सोनी, भगवानदास सोनी, धनीराम सोनी, सुशील सोनी, भरतलाल सोनी, उमाकांत सोनी, प्रशांत सोनी, अशोक सोनी, विजय सोनी, सत्येंद्र सोनी, सुदामा सोनी, राजेंद्र (गुड्डा) सोनी, प्रमोद सोनी, जीतू सोनी, मिथलेश सोनी, सुनील सोनी सहित बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, पदाधिकारी, युवा साथीयों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पुष्पगुच्छ एवं शुभकामनाएँ भेंट कर उनके सफल कार्यकाल की मंगलकामना की।

कार्यक्रम का आयोजन कटनी नगर के राहुल बाग के समीप नदीपार स्थित सुरेश सोनी के निवास पर सौहार्दपूर्ण एवं पारिवारिक वातावरण में संपन्न हुआ। आयोजन के दौरान समाज के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी समाजबंधुओं ने संगठन की मजबूती, सामाजिक एकजुटता, पारस्परिक सहयोग, शिक्षा के प्रसार, युवा नेतृत्व के विकास तथा समाज के सर्वांगीण उत्थान के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। आत्मीयता, भाईचारे और सामाजिक समरसता से परिपूर्ण यह सम्मान समारोह समाज की संगठनात्मक शक्ति, सामाजिक जागरूकता और एकता का सशक्त संदेश देने वाला सिद्ध हुआ।

Post a Comment

Previous Post Next Post