कटनी में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप,उद्योगपति पर जानलेवा हमले का आरोप।

 कटनी में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप,उद्योगपति पर जानलेवा हमले का आरोप।

उद्योगपति ने रिवॉल्वर अड़ाकर मारपीट और जमीन पर कब्जे की कोशिश का लगाया आरोप,भाजपा नेताओं सहित आठ लोगों पर मामला दर्ज,दूसरे पक्ष ने आरोपों को बताया निराधार।

कटनी,ग्रामीण खबर MP।

मध्यप्रदेश के कटनी में जमीन विवाद को लेकर एक उद्योगपति पर कथित जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। उद्योगपति मुकेश गुप्ता ने आरोप लगाया है कि उनकी वर्षों पुरानी जमीन पर कब्जा करने की नीयत से पहुंचे लोगों ने उनके साथ मारपीट की, कनपटी पर रिवॉल्वर अड़ा दी और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। घटना के संबंध में माधवनगर थाना पुलिस ने भाजपा नेताओं सहित आठ आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं, दूसरे पक्ष ने सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए अपना पक्ष भी पुलिस के समक्ष रखा है।

पीड़ित उद्योगपति मुकेश गुप्ता के अनुसार रविवार सुबह लगभग 10 बजे उन्हें सूचना मिली कि दुगाड़ी नाला क्षेत्र स्थित उनकी जमीन पर कुछ लोग कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना मिलने पर वे अपने छोटे भाई राहुल गुप्ता और ड्राइवर हीरा सिंह के साथ मौके पर पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि कुछ लोग जेसीबी मशीन की मदद से बाउंड्रीवॉल तोड़ रहे थे।

मुकेश गुप्ता का आरोप है कि जब उन्होंने विरोध किया और बातचीत के माध्यम से विवाद सुलझाने की कोशिश की, तभी एक आरोपी ने उनकी कनपटी पर रिवॉल्वर अड़ा दी। आरोप है कि उनके भाई के मोबाइल फोन भी छीन लिए गए तथा वहां मौजूद 30 से 35 लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान उनकी कार में भी तोड़फोड़ की गई। गुप्ता का कहना है कि यदि वे किसी तरह मौके से नहीं निकलते, तो उनकी जान को गंभीर खतरा हो सकता था।

उद्योगपति ने दावा किया कि संबंधित भूमि पिछले लगभग 20 वर्षों से उनके कब्जे और स्वामित्व में है। उनके अनुसार पूर्व में भूमि की विधिवत नपाई भी कराई जा चुकी है तथा तीन ओर बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराया गया था। उनका आरोप है कि अब बाउंड्रीवॉल तोड़कर जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।

दूसरी ओर भाजपा युवा मोर्चा (माधव नगर मंडल) के नगर अध्यक्ष हर्ष पाण्डेय ने उद्योगपति द्वारा लगाए गए सभी आरोपों का खंडन किया है। उनका कहना है कि वे अपने रिश्तेदार रमेश शुक्ला की जमीन पर सफाई एवं तारबंदी का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान मुकेश गुप्ता अपने साथियों के साथ पहुंचे, जिसके बाद विवाद की स्थिति बनी। उन्होंने रिवॉल्वर तानने या किसी प्रकार के हथियार से हमला करने के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है।

माधवनगर थाना पुलिस ने मुकेश गुप्ता की शिकायत पर रमेश शुक्ला, यशवर्धन (यशपाल) शुक्ला, हर्ष पाण्डेय, अरमान द्विवेदी, मनोज कुशवाहा, कोका शुक्ला, मनु परोहा तथा एक अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं दूसरी ओर रमेश शुक्ला की शिकायत पर उद्योगपति मुकेश गुप्ता के विरुद्ध भी प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों एवं तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जमीन विवाद और मारपीट की इस घटना ने क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post