डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए पथप्रदर्शक-वीडी शर्मा।

 डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए पथप्रदर्शक-वीडी शर्मा।

125वीं जयंती स्मरण पखवाड़ा के समापन पर जिला कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित,माधवनगर में डॉ.मुखर्जी स्मृति हॉल हेतु सांसद निधि से 25 लाख रुपये देने की घोषणा।

कटनी,ग्रामीण खबर MP।

भारतीय जनता पार्टी द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती स्मरण पखवाड़ा के समापन अवसर पर जिला कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन शहर स्थित विवेकानंद सभागार में किया गया। सम्मेलन का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित करने एवं वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा (वीडी शर्मा) ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए अनेक संघर्ष किए और उनका प्रसिद्ध उद्घोष “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” आज भी देशवासियों को राष्ट्रीय एकता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि विभाजन के कठिन दौर में पश्चिम बंगाल को भारत का अभिन्न अंग बनाए रखने में डॉ. मुखर्जी की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसे देश सदैव स्मरण करेगा। उनका जीवन साहस, सिद्धांतों और राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण है तथा प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता और राष्ट्रभक्त के लिए प्रेरणास्रोत एवं पथप्रदर्शक है।

वीडी शर्मा ने विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक की मांग पर माधवनगर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की स्मृति में एक हॉल के निर्माण के लिए सांसद निधि से 25 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी डॉ. मुखर्जी के विचारों और संकल्पों को धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने को डॉ. मुखर्जी के सपनों को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक और निर्णायक कदम बताया।

सम्मेलन के प्रस्तावना भाषण में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी चिंतन, शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान तथा राष्ट्रीय एकता के प्रति उनके समर्पण पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्रीय मुख्यधारा से जोड़ने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए और उनका जीवन आज भी संगठन एवं राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरणा देता है।

विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों और संगठनात्मक विचारधारा पर चलते हुए भारतीय जनता पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित हुई है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनना डॉ. मुखर्जी के सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्रसेवा, संगठन और समर्पण के उनके आदर्शों को घर-घर तक पहुंचाएं तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करें।

जिला संगठन प्रभारी सुजीत जैन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्र प्रथम, संगठन सर्वोपरि और जनसेवा के सिद्धांतों से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्रहित में निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के विचार आज भी संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए मार्गदर्शक हैं और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को निरंतर सशक्त करते हैं।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री मनीषदेव मिश्रा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला महामंत्री सुखदेव चौधरी ने व्यक्त किया। वंदे मातरम् का गायन जिला उपाध्यक्ष अंकिता तिवारी ने कराया।

सम्मेलन में सांसद विष्णुदत्त शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, जिला संगठन प्रभारी सुजीत जैन, विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक, वरिष्ठ नेत्री अलका जैन, पीतांबर टोपनानी, रामरतन पायल, शशांक श्रीवास्तव, निगमाध्यक्ष मनीष पाठक, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री सोहन सिंह, मछुआरा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक श्याम निषाद, जिला महामंत्री सुखदेव चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि मंचासीन रहे। इसके अलावा विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, शक्ति केंद्रों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सम्मेलन में सहभागिता कर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post