सिलौंडी के श्रद्धेय पंडा विजय श्रीवास्तव का निधन,क्षेत्र में शोक की लहर।
मां मरही एवं मां आसमानी की आजीवन सेवा करने वाले विजय श्रीवास्तव का अंतिम संस्कार श्रीरामबाग मुक्तिधाम में संपन्न,बड़ी संख्या में लोगों ने दी अंतिम विदाई।
सिलौंडी,ग्रामीण खबर MP।
सिलौंडी नगर के प्रतिष्ठित एवं धर्मनिष्ठ व्यक्तित्व पंडा विजय श्रीवास्तव का विगत रात्रि निधन हो जाने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त हो गई। उनके निधन का समाचार मिलते ही परिजन, शुभचिंतक, मित्रगण एवं नगरवासियों में गहरा दुख व्याप्त हो गया। वे लंबे समय से धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों से जुड़े रहे और अपने सरल, सौम्य तथा सेवा-भावी व्यक्तित्व के कारण समाज में विशेष सम्मान प्राप्त था।
पंडा विजय श्रीवास्तव ने सिलौंडी स्थित छोटी मढ़िया में जीवन भर मां मरही एवं मां आसमानी की श्रद्धापूर्वक सेवा-अर्चना की। धार्मिक परंपराओं के संरक्षण, पूजा-अर्चना एवं सामाजिक समरसता के लिए उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनकी निष्ठा, सादगी और धर्म के प्रति समर्पण ने उन्हें क्षेत्र के लोगों के बीच एक सम्मानित स्थान दिलाया।
स्वर्गीय विजय श्रीवास्तव अपने पीछे एक सम्मानित परिवार छोड़ गए हैं। वे डॉक्टर अजय श्रीवास्तव, संदीप श्रीवास्तव एवं आशीष श्रीवास्तव के पूज्य पिता थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। नगर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं गणमान्य नागरिकों ने परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
स्वर्गीय विजय श्रीवास्तव का अंतिम संस्कार आज प्रातः 11 बजे सिलौंडी के श्रीरामबाग मुक्तिधाम में पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में नगरवासी, रिश्तेदार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु शामिल हुए। सभी ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई देते हुए उनके व्यक्तित्व एवं समाज सेवा को याद किया।
पंडा विजय श्रीवास्तव का निधन केवल उनके परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे सिलौंडी क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। धार्मिक परंपराओं के प्रति उनकी आस्था, सेवा और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे। ग्रामीण खबर MP परिवार दिवंगत आत्मा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता है।

